


नयाशहर थाना पुलिस ने 10 लोगों से 15 हजार रुपए नकद बरामद; संचालक की तलाश जारी
बीकानेर // प्रताप बस्ती में चल रहे अवैध कैसिनो के खेल पर रविवार को नयाशहर थाना पुलिस ने बड़ा प्रहार किया। थानाधिकारी कविता पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जैसे ही कैसिनो सेंटर पर दबिश दी, वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ लोग इधर-उधर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर 10 लोगों को मौके से पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 कैसिनो टेबल और 15 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर इस अवैध कैसिनो का संचालन कौन कर रहा था और इसके पीछे किसका संरक्षण था।
नया शहर थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शिवबाड़ी निवासी जयसिंह राजपूत, पंजाबगिरान मोहल्ला निवासी जाकिर, प्रताप बस्ती निवासी गोपाल नायक, पृथ्वी नायक, कानाराम नायक, राजूराम नायक, इरफान और मोहम्मद आसिफ, ठठेरा बाजार निवासी मोहम्मद नियाज तथा नायकों के मोहल्ले निवासी सद्दाम हुसैन शामिल हैं।
थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस कैसिनो के मुख्य संचालक और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राकेश गोदारा, हेड कांस्टेबल हेमराज, महिपाल सिंह तथा कांस्टेबल प्रदीप कुमार और प्रह्लाद की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध जुए और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। गौरतलब हैं कि पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर शहर में सटोरियों व जुआरियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जा रही है।



