महेश नवमी से पूर्व माहेश्वरी सभा का वृहद रक्तदान शिविर 21 जून को

समाज

जसवंत भवन में सर्वसमाज के लिए होगा आयोजन, पीबीएम ब्लड बैंक टीम करेगी रक्त संग्रहण

बीकानेर // माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी के उपलक्ष्य में माहेश्वरी सभा (शहर) बीकानेर द्वारा रविवार, 21 जून 2026 को जस्सूसर गेट के अंदर स्थित मोहता जसवंत भवन में सर्वसमाज के लिए वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।

सभा के अध्यक्ष अनिल सोनी (झूमर सोनी) ने बताया कि रक्तदान शिविर सर्वसमाज के लिए खुला रहेगा तथा कोई भी इच्छुक रक्तवीर स्वेच्छा से रक्तदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने से बड़ा पुण्य कार्य कोई नहीं हो सकता। शिविर के संयोजक आज्ञाराम पेड़ीवाल को बनाया गया है, जबकि सह-संयोजक के रूप में इन्द्र कुमार ‘बॉबी’ चांडक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चांडक अब तक 100 से अधिक बार रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। वहीं सभा के मंत्री पंकज भूतड़ा को भी आयोजन संबंधी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।

संयोजक पेड़ीवाल ने बताया कि माहेश्वरी सभा द्वारा प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। इस वर्ष पीबीएम अस्पताल की ब्लड बैंक टीम शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं से रक्त संग्रहण करेगी। उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
सभा मंत्री पंकज भूतड़ा ने बताया कि शिविर को सफल बनाने के लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग प्राप्त हो रहा है। वहीं बॉबी चांडक ने बताया कि अधिक से अधिक रक्तदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है तथा लोगों को व्यक्तिगत रूप से भी प्रेरित किया जा रहा है।

शिविर से जुड़े वरिष्ठ सदस्यों नरेन्द्र राठी एवं महेश दम्माणी ने बताया कि आयोजन की व्यवस्थाओं में जितेन्द्र डागा, अंकित बिन्नानी, महेश दम्माणी, विमल कुमार दम्माणी, रामकुमार मूंघड़ा, विनोद झंवर, पवन कुमार राठी, नरेन्द्र राठी, कैलाश राठी एवं दीपक बिनानी सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। माहेश्वरी सभा ने सभी रक्तदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है।