



अग्रसेन सर्किल पर हुआ त्रिवेणी संगम, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत; जीवंत झांकियों ने मोहा मन
बीकानेर। महाराजा अग्रसेन जी की जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को बीकानेर में अग्रवाल समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन के जीवन, आदर्शों और सामाजिक एकता का संदेश देती जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। अग्रवाल समाज के साथ अन्य समाजों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का परिचय दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह महाराजा अग्रसेन सर्किल पर श्रमदान के साथ हुई। समाज के लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। इसके बाद विधिवत रूप से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में समाज के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
जीवंत झांकियों ने मोहा मन
शोभायात्रा में सजी-धजी जीवंत झांकिया विशेषतः ब्रिक्स 2026 की झांकी में भारत के प्रधानमंत्री मोदी जी, चाइना के राष्ट्रपति शी जिनपिंग व रूस के राष्ट्रपति पुतिन की झांकी तथा वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय और भारत माता की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न पात्रों ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और उनके जीवन से जुड़े संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। झांकियों को देखने के लिए जगह-जगह लोग एकत्रित हुए। शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। स्वागत के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
केसरिया साफे में नजर आए समाजबंधु
शोभायात्रा में अग्रवाल समाज के गणमान्य व्यक्ति सफेद कुर्ता-पायजामा और केसरिया साफा धारण कर शामिल हुए। वहीं महिलाएं लाल और पीली साड़ियों के साथ केसरिया साफे में पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं। महिलाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। पारंपरिक परिधानों में सजे समाज के लोगों की उपस्थिति ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। शोभायात्रा के दौरान समाज के लोगों ने महाराजा अग्रसेन जी के बताए मार्ग पर चलने, उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक एकता, समानता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
अग्रसेन सर्किल पर हुआ भव्य स्वागत, निकाला लॉटरी ड्रॉ
शोभायात्रा के महाराजा अग्रसेन सर्किल पहुंचने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां लॉटरी का ड्रॉ निकाला गया तथा सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। शोभायात्रा में विभिन्न झांकियों के माध्यम से पात्रों की भूमिका निभाने वाले प्रतिभागियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने प्रतिभागियों के उत्साह और सहयोग की सराहना की।
महाआरती के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
महाराजा अग्रसेन सर्किल पर महाआरती का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धा और उत्साह के साथ समाज के लोगों ने भाग लिया। महाराजा अग्रसेन जी के प्रति आस्था व्यक्त करते हुए समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित इस भव्य शोभायात्रा ने बीकानेर में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों के प्रति सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम में समाज के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।



