



डॉ. संजय कोचर से ग्रहण करेंगे कार्यभार, अनुसंधान गतिविधियों के समन्वय और निगरानी की संभालेंगे जिम्मेदारी
बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर (डॉ.) इन्द्र पुरी को महाविद्यालय की बहुविषयक अनुसंधान इकाई (एमआरयू) का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्राचार्य कार्यालय की ओर से 15 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के प्रावधानों तथा गठित खोज समिति की अनुशंसाओं पर डॉ. पुरी को यह दायित्व सौंपा गया है।इस सर्च कमेटी में अतिरिक्त प्रधानाचार्य-प्रथम डॉ. रेखा आचार्य, अतिरिक्त प्रधानाचार्य-द्वितीय डॉ. नीति शर्मा तथा निश्चेतना विभाग की वरिष्ठ आचार्य डॉ. अनीता पारीक शामिल थी।
डॉ. पुरी पूर्व नोडल अधिकारी डॉ. संजय कोचर से कार्यभार ग्रहण करेंगे। आदेश में इकाई से संबंधित अभिलेख, दस्तावेज, पत्राचार, लेखा रिकॉर्ड एवं अन्य प्रासंगिक सामग्री का हस्तांतरण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डॉ. पुरी बहुविषयक अनुसंधान इकाई के समग्र समन्वय एवं संचालन के लिए जिम्मेदार होंगे। वे स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप नोडल अधिकारी के दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
अनुसंधान गतिविधियों के क्रियान्वयन, निगरानी और प्रगति के लिए वे स्थानीय अनुसंधान सलाहकार समिति, कार्यकारी समिति, स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग तथा संबंधित अधिकारियों एवं अनुभागों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग की व्यवस्था के तहत नोडल अधिकारी स्थानीय अनुसंधान सलाहकार समिति के सदस्य सचिव की भूमिका भी निभाएंगे।
इस नियुक्ति के साथ डॉ. पुरी को महाविद्यालय की बहुविषयक अनुसंधान गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने और संबंधित संस्थागत समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।



