





व्यवस्थाओं को लेकर समिति का शिष्टमंडल मिला पुलिस अधीक्षक से
बीकानेर। शहर के प्रसिद्ध श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में इस वर्ष दीपावली 8 नवंबर को मनाई जाएगी। मंदिर के कथावाचक पंडित कांत व्यास एवं मुख्य पुजारी नरोत्तम महाराज सेवग ने बताया कि मंदिर में धनतेरस 6 नवंबर, रूप चौदस 7 नवंबर, दीपावली 8 नवंबर, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट 10 नवंबर तथा भाई दूज 11 नवंबर को मनाई जाएगी।
त्योहारों के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति का शिष्टमंडल सचिव सीताराम कच्छावा के नेतृत्व में एसपी- कलेक्टर से मिला। शिष्टमंडल ने मंदिर में त्योहारों के दौरान लाइट डेकोरेशन करवाने, मंदिर की दीवारों पर लगी लाइटें और पार्क में बंद पड़ी लाइटें ठीक करवाने की मांग की।

हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, पुलिस व्यवस्था की मांग
शिष्टमंडल ने पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से भी मुलाकात कर धनतेरस से भाई दूज तक मंदिर में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने की मांग की। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इन त्योहारों पर बीकानेर शहर के साथ आसपास के गांवों से भी हजारों श्रद्धालु परिवार सहित दर्शन करने पहुंचते हैं। पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं होने के कारण मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी होती है।
शिष्टमंडल में समिति सचिव सीताराम कच्छावा सहित नरेंद्र शर्मा, आजाद पुरोहित, घनश्याम महात्मा और हेमंत शर्मा आदि पदाधिकारी शामिल थे।



