





नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों और ठेका कंपनी की भूमिका की भी हो जांच
बीकानेर। नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर वाहन की टक्कर से गंभीर घायल हुए केशव दत्ता आचार्य की 10 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद 9 नवंबर को मौत हो गई। इस मामले में मृतक के परिजनों ने नयाशहर थाने में परिवाद देकर हत्या के दृष्टिकोण से मुकदमा दर्ज करने तथा वाहन चालक, नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों और कचरा संग्रहण का ठेका लेने वाली कंपनी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
परिवाद में मृतक के परिजन शरद दत्ता आचार्य ने बताया कि 31 अक्टूबर को नगर निगम के कचरा संग्रहण में लगे टिपर चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अपनी निर्धारित साइड में जा रहे केशवदत्त आचार्य को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। सिर में गंभीर चोट के चलते उन्हें 31 अक्टूबर से 9 नवंबर तक होश नहीं आया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए सर्जरी सहित हरसंभव प्रयास किए, लेकिन आखिरकार उनकी मृत्यु हो गई।

परिजनों ने प्रमुख रूप से मांग की है कि मामले में हत्या के अपराध के दृष्टिकोण से मुकदमा दर्ज कर जांच की जाए। टिपर चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव और प्रशिक्षण की जांच हो तथा ठेका कंपनी के अन्य चालकों के दस्तावेज भी खंगाले जाएं। साथ ही नगर निगम के संबंधित अधिकारियों और ठेका कंपनी के जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका की जांच कर दोषी पाए जाने पर उन्हें भी अभियुक्त बनाया जाए।
परिवाद में दुर्घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वाहन की तकनीकी स्थिति सहित सभी साक्ष्य सुरक्षित करने की मांग की गई है। इसके अलावा नगर निगम और ठेका कंपनी के बीच हुए अनुबंध, सुरक्षा मानकों तथा उनके पालन की जांच करने और शहर में संचालित सभी कचरा संग्रहण टिपर वाहनों के चालकों की योग्यता व अनुभव की पड़ताल कराने की मांग भी उठाई गई है। परिजनों ने निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर कार्रवाई की लिखित जानकारी देने की मांग की है।



