





प्रशासन और राजस्थान महिला कल्याण मंडल की संयुक्त कार्रवाई
नागौर // जिले में बाल विवाह की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को पुलिस, प्रशासन एवं राजस्थान महिला कल्याण मंडल की संयुक्त टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर होने वाले बाल विवाह रुकवाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि मूंडवा एवं रोल थाना क्षेत्रों में नाबालिगों का विवाह करवाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान मूंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम बलाया तथा रोल गांव में आयोजित किए जा रहे बाल विवाह को समय रहते रुकवाया गया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने दोनों पक्षों के परिजनों से बच्चों के जन्म एवं आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की, जिसमें उनके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम के सदस्यों ने परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के कानूनी प्रावधानों एवं बाल विवाह से होने वाले सामाजिक, शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए समझाइश की। साथ ही सभी संबंधित परिजनों को भविष्य में बच्चों के बालिग होने से पूर्व विवाह नहीं करने के लिए कानूनी रूप से पाबंद किया गया।
यह कार्रवाई जिले में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत प्रशासन एवं सामाजिक संगठनों के आपसी समन्वय और सक्रियता का महत्वपूर्ण उदाहरण है। राजस्थान महिला कल्याण मंडल द्वारा जिले में लंबे समय से बाल विवाह की रोकथाम, जनजागरूकता एवं बाल अधिकार संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस संयुक्त कार्रवाई में राजस्थान महिला कल्याण मंडल की जिला समन्वयक गरिमा सिंह राठौड़, नीलम राठौड़, मूंडवा थाना के एएसआई जगदीश राम, रोल थाना के एएसआई अरविन्द, प्रधानाचार्य सुशील व्यास, सीताराम (RI, रोल), मूलाराम (पटवारी, रोल), सुरेन्द्र संगवा (पटवारी, डीडिया कला), पटवारी राधेकृष्ण मीणा, सरपंच हरजीराम सहित स्थानीय पुलिस जाब्ता एवं संबंधित टीम के सदस्य मौजूद रहे।





