





निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थी हुए पुरस्कृत
बीकानेर। भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ, नई दिल्ली के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रंखला में राजस्थान शाखा के तत्वावधान में ‘आजीवन शिक्षा एवं नशा मुक्त परिवार’ विषय पर संवाद कार्यक्रम गुरुवार को श्री नेहरू शारदा पीठ पीजी महाविद्यालय परिसर में आयोजित हुआ।कार्यक्रम में हिंदी निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक डॉ. हरिशंकर आचार्य थे। अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बिस्सा ने की। इस अवसर पर भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ राजस्थान ब्रांच के सचिव ओमप्रकाश सारस्वत, डॉ. फारूक मोहम्मद तथा राजस्थान ब्रांच के अध्यक्ष कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी उपस्थित रहे।डॉ. आचार्य ने कहा कि आजीवन शिक्षा और नशा मुक्त परिवार की अवधारणा पर विचार व्यक्त किए और कहा कि जीवन पर्यंत सीखना व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का आधार है। शिक्षा केवल पुस्तकों और औपचारिक कक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनभर चलने वाली सतत प्रक्रिया है। बदलते समय के साथ नए ज्ञान, कौशल और अनुभव प्राप्त करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। डॉ. बिस्सा ने कहा कि आजीवन शिक्षा व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और सामाजिक रूप से जिम्मेदार बनाती है। डॉ. फारूक ने नशा मुक्त परिवार स्वस्थ समाज की मजबूत नींव है। परिवार और समाज में जागरूकता के माध्यम से नशे की प्रवृत्ति को रोकने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की आवश्यकता है।

कवि कथाकार एवं राजस्थान ब्रांच के अध्यक्ष राजेन्द्र जोशी ने भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ की गतिविधियों और स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में लाइफ लोंग लर्निंग को प्राथमिकता दी गई है। संघ द्वारा स्थापना दिवस के अवसर पर इससे जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही समाज खासकर युवाओं को नशे से मुक्त करने की दिशा में भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे। इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में रिद्धि पुरोहित ने प्रथम, गौरी भाटी ने द्वितीय एवं दिव्या खुडिया तीसरे स्थान पर रही। सांत्वना पुरस्कार गौरव शर्मा, वीणा सुथार एवं खुशी अग्रवाल को दिया गया।सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. गौरीशंकर प्रजापत ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी तथा अभिभावक मौजूद रहे।





