





नागौर शहर सहित जिले के 5 ब्लॉकों में लगभग 500 महिलाओं एवं बालिकाओं ने लिया बाल विवाह मुक्त समाज का संकल्प
नागौर // अंतरराष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत नागौर शहर सहित खींवसर, जायल, मेड़ता सिटी, रियांबड़ी एवं डेगाना ब्लॉक में जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में लगभग 500 महिलाओं एवं बालिकाओं ने सहभागिता करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रमों का आयोजन राजस्थान महिला कल्याण मंडल (RMKM), अजमेर एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन (JRC) के संयुक्त सहयोग से महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संबंधित विभागों के सहयोग से किया गया।

बाल विवाह सर्वाइवर्स बनीं बदलाव की आवाज

इन कार्यक्रमों की सबसे विशेष और प्रेरणादायक बात यह रही कि उन बाल विवाह सर्वाइवर्स ने भी सक्रिय भूमिका निभाई, जिनका बाल विवाह समय रहते रुकवाया गया था। ये सर्वाइवर्स अब केवल बाल विवाह रोकथाम अभियान की सहभागी नहीं, बल्कि अभियान की लीडर बनकर अन्य महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर रही हैं। जिन बालिकाओं का बाल विवाह कभी उनके भविष्य के सामने चुनौती बनकर खड़ा था, आज वही बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता की मजबूत आवाज बन रही हैं। अपने अनुभवों और संघर्षों के माध्यम से वे समाज को बता रही हैं कि बाल विवाह को रोका जा सकता है और प्रत्येक बालिका को शिक्षा, सुरक्षा तथा अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार है।
कार्यक्रमों में सर्वाइवर्स ने अन्य महिलाओं एवं बालिकाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें बाल विवाह के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उनकी सहभागिता ने यह संदेश दिया कि बाल विवाह से प्रभावित बालिकाएं केवल सहायता की पात्र नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की नेतृत्वकर्ता भी बन सकती हैं।
बाल विवाह सर्वाइवर्स का नेतृत्व अभियान को एक नई दिशा दे रहा है। उनके अनुभव अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा बन रहे हैं और समुदाय में यह विश्वास मजबूत कर रहे हैं कि समय रहते बाल विवाह रोककर बच्चों को बेहतर भविष्य दिया जा सकता है।
पांच ब्लॉकों में रही व्यापक सहभागिता
नागौर शहर सहित खींवसर, जायल, मेड़ता सिटी, रियांबड़ी एवं डेगाना में आयोजित कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, महिला पर्यवेक्षकों, साथिनों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, विद्यालय की अध्यापिकाओं, बालिकाओं एवं ग्रामीण समुदाय ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
खींवसर में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जायल में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, मेड़ता सिटी में आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र तथा डेगाना में राजीव गांधी सेवा केंद्र, पंचायत समिति में कार्यक्रम आयोजित किए गए। रियांबड़ी ब्लॉक के सैंसड़ा गांव में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सैंसड़ा गांव में राजस्थानी लोकगीतों के माध्यम से बाल विवाह रोकथाम का संदेश दिया गया। लोकगीतों के जरिए बेटियों को शिक्षित करने, उनके सपनों को पूरा करने एवं आत्मनिर्भर बनाने की अपील की गई।
बाल विवाह रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ
कार्यक्रमों के दौरान बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है तथा इससे उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं भविष्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह रोकना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
राजस्थान महिला कल्याण मंडल की जिला समन्वयक गरिमा सिंह ने महिलाओं एवं समुदाय से अपील की कि वे अपने परिवार एवं समाज में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाएं तथा किसी भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। कार्यक्रमों में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने, बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने तथा बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सहयोग देने की शपथ ली।
राजस्थान महिला कल्याण मंडल की ओर से जिला समन्वयक गरिमा सिंह, नीलम, शिवलाल, गणेशराम एवं अन्य टीम सदस्यों ने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। संबंधित विभागों के अधिकारियों, महिला पर्यवेक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं साथिनों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





