छः वर्ष पुराने चैक अनादरण के प्रकरण में आरोपी को किया दण्डित

क्राइम

11 माह का कारावास व 7,50,000/- रुपए का अर्थदण्ड लगाया

बीकानेर। न्यायालय विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट (एनआई एक्ट प्रकरण) न्यायालय सं. 1, बीकानेर की पीठासीन अधिकारी कोमल व्यास द्वारा आरोपी इन्द्रचन्द पुत्र नवरतन तेजी निवासी विश्वकर्मा गेट के पास, वाल्मिकी बस्ती, बीकानेर को चेक अनादरण के प्रकरण में 11 माह का कारावास व 750000/- रूपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया।

संक्षेप में प्रकरण के तथ्य इस प्रकार है कि परिवादी रामकुमार पुत्र बृजेन्द्र कुमार व्यास निवासी लखोटियों का चैक, नृसिंह मन्दिर के पीछे, बीकानेर द्वारा आरोपी को दिनांक 11.12.2019 को 475000/- रूपये उधार दिये जिसकी अदायगी बाबत् 3 माह पश्चात् आरोपी द्वारा अपनी खाताधारी बैंक का चैक परिवादी को अपने हस्ताक्षर करके सुपुर्द किया।

जिसके अनादरण के पश्चात् परिवादी द्वारा अपने अधिवक्ता गोपाललाल हर्ष के मार्फत विधिक नोटिस उक्त रकम की मांग बाबत् प्रेषित किया लेकिन विहित समयावधि पश्चात् रकम अदा ना करने पर परिवादी द्वारा अपने अधिवक्ता गोपाललाल हर्ष व निमिषा शर्मा के मार्फत माननीय न्यायालय में धारा 138 एन आई एक्ट का परिवाद प्रस्तुत किया। परिवादी द्वारा अपना प्रकरण मय साक्ष्य सबुत व दस्तावेजों से माननीय न्यायालय में साबित किए। इस पर न्यायालय द्वारा सम्पूर्ण पत्रावली व साक्ष्य सामग्री का अवलोकन कर उक्त प्रकरण का निस्तारण परिवादी के पक्ष में करते हुए अभियुक्त इन्द्रचन्द तेजी के विरूद्ध उक्त प्रकरण साबित मानते हुए अभियुक्त को 11 माह के कारावास व 7,50,000/-रूपये प्रतिकर राशि के रूप में दण्डित किया।