प्रदेश के हर जिले में बनेगा एडवोकेट भवन: कमल नारायण पुरोहित

समाज

बार काउंसिल चुनाव में पारदर्शिता, वेलफेयर योजनाओं में सुधार और युवा वकीलों के लिए सेमिनार प्राथमिकता

बीकानेर // बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के सदस्य पद के उम्मीदवार और पूर्व बार अध्यक्ष कमल नारायण पुरोहित ने वादा किया है कि चुनाव में जीत मिलने पर प्रदेश के प्रत्येक जिले में आवश्यकता अनुसार एडवोकेट भवन बनवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता बार काउंसिल में पारदर्शिता लाना और समय पर चुनाव सुनिश्चित करना है, ताकि विवादों पर विराम लग सके।
पत्रकार वार्ता में पुरोहित ने बताया कि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करवाना और वेलफेयर स्कीम में समयानुसार सुधार करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। वेलफेयर एक्ट में उम्र सीमा बढ़ाकर 50 वर्ष किए जाने को उन्होंने अनुचित बताते हुए कहा कि इसे फिर से 40 वर्ष करने के लिए प्रयास करेंगे। साथ ही वेलफेयर टिकट की वार्षिक वृद्धि के अनुरूप अधिवक्ताओं को मिलने वाले लाभ भी बढ़ाए जाएंगे।

युवा वकीलों के लिए होंगे सेमिनार

1998 में वकालत शुरू करने वाले पुरोहित ने कहा कि नए अधिवक्ताओं को शुरुआती दौर में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य स्तर पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जहां वरिष्ठ वकील अपने अनुभव साझा करेंगे और प्रायोगिक मार्गदर्शन देंगे।

बीकानेर बार में किए कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प

दो बार बार एसोसिएशन अध्यक्ष रह चुके कमलनारायण पुरोहित ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि लोकल वेलफेयर स्कीम, महिलाओं के लिए कॉमन रूम, नई-पुरानी बिल्डिंग में विकास कार्य, 48 चैम्बर्स की स्वीकृति, वाटर कूलर, शौचालय, टीन शेड और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही बंद पड़े चैम्बर्स को शुरू करवाना और एडवोकेट कॉलोनी के लिए प्रस्ताव पारित करवाना भी उनके प्रमुख कार्यों में शामिल है।

वोट की अपील, भरोसा निभाने का दावा

पूर्व में नगर परिषद में पैनल लॉयर और पीपी रह चुके पुरोहित ने अधिवक्ताओं से प्रथम वरीयता का वोट देने की अपील करते हुए कहा कि वे उनके विश्वास पर खरा उतरेंगे और सभी वादों को पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगे।