बीकानेर में हाईकोर्ट की स्थाई खंडपीठ की मांग पर बार एसोसिएशन ने भेजा 201वां ज्ञापन

प्रशासन

बार एसोसिएशन ने राज्यपाल और राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधिपति को भेजा ज्ञापन

बीकानेर संभाग मुख्यालय पर राजस्थान हाईकोर्ट की स्थाई खंडपीठ स्थापित करने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन बीकानेर ने गुरुवार को 201वां ज्ञापन भेजा। ज्ञापन महामहिम राज्यपाल, राजस्थान और राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधिपति को प्रेषित किया गया। एसोसिएशन ने बीकानेर संभाग की भौगोलिक स्थिति और आमजन को न्याय के लिए तय करनी पड़ने वाली लंबी दूरी को देखते हुए स्थाई खंडपीठ की स्थापना की मांग दोहराई।

ज्ञापन में कहा गया कि बीकानेर संभाग के दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों के लिए जोधपुर तक सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है। इससे समय और आर्थिक भार बढ़ता है। मुकदमों की संख्या तथा सुलभ एवं शीघ्र न्याय की आवश्यकता को देखते हुए बीकानेर में हाईकोर्ट की स्थाई खंडपीठ की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है।

बार एसोसिएशन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि बीकानेर में वर्ष 1922 से 1949 तक उच्च न्यायालय रहा था। इसके बाद भी बीकानेर में हाईकोर्ट की खंडपीठ की मांग को लेकर समय-समय पर आंदोलन होते रहे हैं। एसोसिएशन ने राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 की धारा 51(3) के तहत बीकानेर में स्थाई खंडपीठ की स्थापना के लिए आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया।
मांग को लेकर जारी रहेगा प्रयास: अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि बीकानेर में स्थाई खंडपीठ की मांग नई नहीं है। बार एसोसिएशन अब तक 200 ज्ञापन दे चुकी है और गुरुवार को 201वां ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल अधिवक्ताओं का विषय नहीं, बल्कि संभाग के आम नागरिकों के लिए सस्ता, सुगम और सुलभ न्याय सुनिश्चित करने से जुड़ा मुद्दा है। एसोसिएशन मांग को गंभीरता और निरंतरता के साथ उठाती रहेगी।

भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप जरूरी खंडपीठ: सचिव हेमंत सिंह चौहान ने कहा कि संभाग की भौगोलिक परिस्थितियों और न्यायालयों में लंबित मामलों को देखते हुए स्थाई खंडपीठ की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से मांग उठाई जा रही है। अब इस पर गंभीरता से विचार कर ठोस और शीघ्र कार्यवाही की जानी चाहिए।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित, सचिव हेमंत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष रक्षपाल विश्नोई, धर्मेन्द्र वर्मा, लेखराम धत्तरवाल, वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्रपाल शर्मा, योगेन्द्र पुरोहित, कुन्दन व्यास, सुखदेव व्यास, ओमप्रकाश विश्नोई, रुपेन्द्र सिंह राठौड़, मनीराम विश्नोई, चतुर्भुज सारस्वत, नवनीत नारायण व्यास, गणेश टाक, पवन कुमार व्यास, कौशल सांखला, धीरज चौधरी, गजेन्द्र सिंह, शेखावत, अंकुर शुक्ला, भावना पारख सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।