


बीकानेर-जयपुर हाईवे पर नजर आया भक्तों का रेला; जगह-जगह लगे सेवा शिविरों में चाय-नाश्ता, भोजन, पानी और मेडिकल की व्यवस्था
बीकानेर // लोक आस्था के महापर्व पूनरासर मेले को लेकर बीकानेर में भक्तिमय माहौल बन गया है। बीकानेर से करीब 55 किलोमीटर दूर पूनरासर धाम में 19 सितंबर को हनुमानजी का वार्षिक मेला भरेगा। मेले से पहले बुधवार से शुरू हुई पैदल यात्रा में गुरुवार को भी हजारों श्रद्धालु पूनरासर धाम के लिए रवाना हुए। शहर से बड़ी संख्या में लोगों के पैदल निकलने से कई इलाकों में सन्नाटे जैसा माहौल नजर आया।
पैदल यात्रियों में कोई हाथों में लंबी ध्वजा लेकर चल रहा है तो कोई हनुमानजी को अर्पित करने के लिए विशाल गदा लेकर बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहा है। विशाल गदा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पिछले करीब दस वर्षों से श्रद्धालुओं की ओर से हनुमानजी को विशाल गदा भेंट करने की परंपरा भी देखने को मिल रही है।
बीकानेर-जयपुर हाईवे पर श्रद्धालुओं का रेला
पूनरासर जाने वाले मार्ग पर गुरुवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें नजर आईं।
बीकानेर-जयपुर हाईवे पर जगह-जगह पैदल यात्रियों के जत्थे दिखाई दिए। बाबा के जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय नजर आया। युवाओं के साथ महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी पैदल यात्रा में शामिल हुए।
सेवा शिविरों में जुटे सेवादार
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मार्ग में जगह-जगह संस्थाओं और ग्रामीणों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में चाय, नाश्ता, भोजन, ठंडा पानी और मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बाइकर्स और स्वयंसेवक भी यात्रियों की मदद करते नजर आ रहे हैं। मेले को लेकर बीकानेर में ‘मेले-मगरिये’ की परंपरा का उत्साह भी चरम पर है और शहर से लेकर पूनरासर मार्ग तक आस्था का अलग ही रंग दिखाई दे रहा है।



