



देशभक्ति गीत, राष्ट्रगान सुन हुए रोमांचित
नागौर // जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव बाराणी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विदेशी यात्रियों का दल पहुंचा। कनाडा के निवासी यात्रियों ने शाला में पहुंचकर शाला के कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों से मिलकर उनसे संवाद किया। उन्होंने एबीएल कक्षा की गणित, हिंदी व अंग्रेजी के विभिन्न चित्र सामग्री को उत्सुकता से देखा।उन्होंने बालकों से गाइड यादवेन्द्र सिंह के माध्यम से संवाद भी किया। इस अवसर पर बालकों ने शाला के वरिष्ठ अध्यापक बालकिशन भाटी के मार्गदर्शन में सोने री चिड़कली रे, प्यारो मारो देशङो। नर वीरां री खाण, जगत अगवाणी रे गीत का समवेत गान किया तथा भारत माता का उद्घोष भी लगाया जिस पर पर्यटक अत्यधिक रोमांचित हुए और उन्होंने करतल ध्वनि करते हुए बालकों का उत्साह वर्धन किया।

कनाडा के विभिन्न शाला व कॉलेज के निदेशक के रूप में कार्यरत 16 यात्री जिसमें मातृ शक्ति भी थी उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन व उत्साह की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सामान्य रूप से हमारे देश में कक्षा में प्रवेश करने पर खड़े होकर शिक्षकों का अभिवादन करने की पद्धति नहीं है लेकिन जिस प्रकार से भारत में विद्यार्थियों द्वारा कक्षा में शिक्षक या बड़ों के आगमन पर उनका स्वागत सत्कार खड़े होकर किया जाता है वह अपने आप में प्रेरणादायी है। उन्होंने शाला में मिलने वाले एमडीएम पोषाहार तथा बाल गोपाल दूध योजना की भी जानकारी ली तथा पोषाहार बनाने वाली मातृ शक्ति से भी उत्साह पूर्वक मिलकर उनके साथ छायाचित्र भी खिंचवाया।
शाला की प्रधानाचार्य श्रीमती ऋचा वर्मा ने उनका भावभीना स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर व्याख्याता मो. यूसुफ पठान,अंकिता शर्मा, मानमल सारस्वत, रंजना चौधरी, कमला गुर्जर, प्रतिभा चौधरी, कमलराम जांगू, रतिराम ताडा, शारीरिक शिक्षक मन सुखाराम बिश्नोई, महेंद्र मुंडेल, चुनाराम धुंधवाल, कोजाराम ताडा व भागीरथ स्वामी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।



