जुझारू अधिवक्ता आरके दास गुप्ता को गाजे-बाजे के साथ अंतिम विदाई

समाज

पांच दशक तक की वकालत, 8 बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे; रेल फाटकों की समस्या को लेकर चलाया था लंबा जन आंदोलन, वकीलों ने कार्य स्थगित रखा

बीकानेर। वरिष्ठ अधिवक्ता और कोलायत के पूर्व विधायक रामकृष्ण दास गुप्ता के निधन से बीकानेर के न्यायिक जगत और सार्वजनिक जीवन में शोक की लहर छा गई। मंगलवार सुबह हृदय संबंधी तकलीफ होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही अधिवक्ताओं में शोक छा गया। बीकानेर बार एसोसिएशन ने शोकस्वरूप कार्य स्थगित रखने की सूचना जारी की।

गुप्ता की अंतिम यात्रा मंगलवार शाम सादुल कॉलोनी स्थित उनके निवास से गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। विभिन्न मार्गों से होती हुई अंतिम यात्रा रानी बाजार स्थित परदेशियों की बगीची पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि और शहरवासी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। गुप्ता अविवाहित थे।

पांच दशक की वकालत, आठ बार बार अध्यक्ष बने

आरके दास गुप्ता ने पांच दशक से अधिक समय तक वकालत की। वे बीकानेर बार एसोसिएशन के आठ बार अध्यक्ष रहे और बार काउंसिल के सदस्य के रूप में भी सेवाएं दीं। अदालत में जनहित से जुड़े मामलों की पैरवी करने के साथ वे शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए भी सक्रिय रहे। बीकानेर में रेल फाटकों की समस्या को लेकर उन्होंने लंबा जन आंदोलन चलाया और कई विरोध-प्रदर्शनों में भाग लिया। उनके प्रयासों के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत और तत्कालीन केंद्रीय मंत्री सीके जाफर शरीफ भी रेल फाटकों की समस्या का भौतिक सत्यापन करने बीकानेर आए थे। शहर की इस गंभीर समस्या को जनमंच पर उठाने में उनकी अहम भूमिका रही।

आपातकाल में जेल गए, 1977 में बने विधायक

गुप्ता का राजनीतिक सफर भी संघर्षों से जुड़ा रहा। आपातकाल के दौरान उन्हें जेल जाना पड़ा था। वर्ष 1977 में वे श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए। हालांकि, सक्रिय राजनीति में उनका सफर लंबा नहीं रहा और विधायक बनने के कुछ वर्षों बाद ही उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।

केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

गुप्ता के निधन पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शोक जताते हुए इसे बीकानेर के लिए बड़ी क्षति बताया। उनकी ओर से भेजा गया पुष्पचक्र भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सुरेंद्र सिंह और भाजपा नेता अशोक भाटी ने अर्पित किया। कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा ने भी उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की।

अंतिम यात्रा में उमड़े अधिवक्ता और शहरवासी

अंतिम यात्रा में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अश्वनी विज, बीकानेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित, बार काउंसिल सदस्य कुलदीप शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता कमल सिपानी, राजकीय अभिभाषक राधेश्याम सेवग, भाजपा नेता गोकुल जोशी, मदन मेघवाल सहित बीकानेर और जोधपुर के अनेक अधिवक्ता, चिकित्सक तथा शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

गुप्ता के निधन से बीकानेर ने ऐसे अधिवक्ता को खो दिया, जिसने कानून की ताकत के साथ जनहित के मुद्दों को उठाया और शहर की समस्याओं के समाधान के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। उनका जाना न्यायिक जगत के साथ बीकानेर के सार्वजनिक जीवन के लिए भी बड़ी क्षति है।