




प्रेस क्लब ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी, 245 से अधिक मरीजों का हुआ इलाज
जितेंद्र शर्मा
मेड़ता सिटी // मेड़ता सिटी शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित प्रेस क्लब मेड़ता सिटी कार्यालय में स्वर्गीय जय नारायण जोशी एवं स्वर्गीय श्रीमती सीतादेवी जोशी की स्मृति में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ देलवाड़ा (माउंट आबू) स्थित ओमकार आश्रम के महंत 1008 श्री निरंजनगिरी महाराज, विधायक प्रतिनिधि अशोक कलरू, उप पुलिस अधीक्षक रामकरण मलिंडा, भामाशाह उमा शर्मा रजत, जी ब्रिलिएंट स्कूल प्रिंसिपल सरिता पुरोहित एवं पूर्व वाइस चेयरमैन रामसुख मुंशी द्वारा फीता काटकर किया गया।

शिविर में जयपुर के इंडस हॉस्पिटल से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। टीम में हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज चौधरी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव शर्मा, स्पाइन सर्जन डॉ. नवनीत तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरनिया शामिल रहे। चिकित्सकों द्वारा कुल 245 से अधिक मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में हड्डी रोग, हृदय रोग, रीढ़ संबंधी समस्याओं एवं महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी बीमारियों की विशेष रूप से जांच की गई, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी मरीजों को राहत मिली।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अशोक कलरू एवं भामाशाह उमा शर्मा रजत ने कहा कि मेड़ता प्रेस क्लब पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इस तरह के निःशुल्क चिकित्सा शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और इनका निरंतर आयोजन होना चाहिए।
उप पुलिस अधीक्षक रामकरण मलिंडा ने कहा कि मीडिया कर्मियों द्वारा समाज सेवा का जो बीड़ा उठाया गया है, वह सराहनीय है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जो वास्तव में प्रशंसनीय कार्य है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदू श्री मंत्री एवं सचिव मोहन मेहरिया ने बताया कि भविष्य में प्रेस क्लब की ओर से नि:शुल्क प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें मेहंदी, ब्यूटी पार्लर एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण शामिल होंगे। इसके साथ ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े अन्य रचनात्मक कार्य भी निरंतर किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में भामाशाह चंद्रशेखर जोशी एवं रामनारायण जोशी ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
ये भी रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रेस क्लब संरक्षक वीरेंद्र वर्मा, पुखराज टाक, संदीप बोहरा, सुनील पुरी, जुगल सोलंकी, लक्ष्मी नारायण वैष्णव, इलियास खान, सीपी पुजारी, लोक अभियोजक अभिमन्यु शर्मा, इंसाफ मोयल, पूर्व पालिका अध्यक्ष अनिल थानवी, कमल भाई गोयल, जितेंद्र शर्मा, नरेंद्र पारीक, अमित टाक, नरेश प्रभाकर, अभिषेक प्रभाकर, बजरंग राजोरिया, चंद्र प्रकाश टाक, धनपत सिंघवी, महावीर राज मेहता, रमजान खान, राकेश अग्रवाल, सीपी बिड़ला, राजेंद्र राव, सोनू साकिर, रामनारायण काबरा, संजय जोशी, अमन जोशी, नितेश जोशी, हितेश जोशी एवं धीरज दाधीच श्रवण पूरी,नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।



