बीकानेर में पैरामेडिकल कॉलेज को मंजूरी दिलाने की मांग तेज

स्वास्थ्य

चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को दिया ज्ञापन

बीकानेर // अखिल राजस्थान चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कर्मचारी महासंघ ने सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के अधीन पैरामेडिकल कॉलेज को प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति देने की मांग उठाई है। इस संबंध में महासंघ ने चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को ज्ञापन सौंपा है।

महासंघ के अध्यक्ष राजकुमार व्यास के नेतृत्व में चिकित्सा मंत्री खींवसर को दिए ज्ञापन में बताया गया कि बीकानेर स्थित सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में पिछले 7-8 वर्षों से DMLT, DRT, DOTT, ECG, Cath Lab व BRT जैसे पैरामेडिकल कोर्स संचालित हो रहे हैं। इसके बावजूद यहां स्वतंत्र पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना नहीं हो पाई है, जबकि इसकी क्षेत्र में काफी आवश्यकता है।
महासंघ ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू नेशनल कमीशन फॉर एलाइड एंड हेल्थकेयर प्रोफेशंस एक्ट, 2021 के तहत देशभर में 56 प्रकार के पैरामेडिकल कोर्स मान्यता प्राप्त हैं। वहीं राजस्थान में भी राजस्थान पैरामेडिकल काउंसिल एक्ट, 2008 के तहत डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जा रहे हैं।

बजट घोषणा के तहत भेजा जा चुका है प्रस्ताव

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के तहत बीकानेर में पैरामेडिकल कॉलेज के निर्माण का प्रस्ताव भेजा जा चुका है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 1519.67 लाख रुपए है। इसके संबंध में आवश्यक दस्तावेज भी विभाग को पूर्व में प्रेषित किए जा चुके हैं।महासंघ ने सरकार से मांग की है कि इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए जल्द स्वीकृति जारी की जाए, ताकि बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को पैरामेडिकल शिक्षा का लाभ मिल सके और स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत हों।

ये रहे मौजूद

चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर से मिलने गए शिष्ट मंडल में अध्यक्ष राजकुमार व्यास के साथ छात्र संघ नेता संदीप व्यास, वीरेंद्र सिंह, इद्रीश जोइया, मनीष रणजीत जोशी, राजेश राठी, जगदीश शर्मा, जावेद, अनूप गौतम, मुकेश गुप्ता, सत्येंद्र उपाध्याय, गोरेलाल मीणा, विनायक आदि शामिल थे।