मुरलीधर व्यास कॉलोनी में हुआ गवर-ईसर का विवाह, दिखा परंपरा और आस्था का अद्भुत संगम

धर्म-कर्म

बीकानेर // मुरलीधर व्यास कॉलोनी में गवर-ईसर का विवाह सभी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अनूठे आयोजन में वर एवं वधू पक्ष की सभी रस्में विधिवत निभाई गईं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

आयोजन से जुड़ी दुर्गा व्यास रिंकू ने बताया कि विवाह से पूर्व कुमकुम पत्रिका के माध्यम से लोगों को निमंत्रण दिया गया। इसके बाद विनायक स्थापना, गणेश परिक्रमा और मायरा भरने जैसी रस्में श्रद्धा भाव से आयोजित की गईं। बारात भी पारंपरिक अंदाज में निकाली गई, जिसमें किशन सुथार व चंदू सुथार दादा-दादी तथा जेपी सुथार व ज्योति सुथार माता-पिता की भूमिका में शामिल हुए।

वधू पक्ष की ओर से शिवकुमार व्यास व उमा देवी ने दादा-दादी तथा राकेश व्यास व दुर्गा व्यास ने माता-पिता की भूमिका निभाई। ननिहाल पक्ष से दामोदर व्यास, मुकेश व्यास व मनीष व्यास की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

आयोजक परिवार के राकेश व्यास ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुसज्जित मंच पर रिंग सेरेमनी आयोजित की गई तथा इसके पश्चात गवर माता और ईसर जी के विधिपूर्वक फेरे संपन्न हुए। नगर सेठ लक्ष्मीनाथ जी मंदिर की गवरजा माता की उपस्थिति इस आयोजन की विशेष आकर्षण रही, जहां श्रद्धालु देर रात तक दर्शन के लिए आते रहे।

यह आयोजन सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक बनकर उभरा। इसमें पुष्करणा व्यास परिवार, सुथार परिवार सहित आसपास के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।