


जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने विधायक जेठानंद व्यास को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर // रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी जलापूर्ति व्यवस्था को बदलने की मांग तेज हो गई है। जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने विधायक जेठानंद व्यास को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने, अतिरिक्त पानी की टंकी (सीडब्ल्यूआर) और पम्प हाउस के निर्माण के लिए राज्य सरकार से अनुशंसा करने का आग्रह किया।
ज्ञापन में बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र में करीब 20 से 25 वर्ष पहले बिछाई गई पानी की पाइपलाइन अब सड़क का स्तर बढ़ने के कारण 8 से 10 फीट गहराई में पहुंच चुकी है। पाइपलाइन पुरानी होने से बार-बार लीकेज की समस्या आती है, जिससे जलापूर्ति बाधित होने के साथ कई बार गंदे पानी की सप्लाई भी होती है।
संघ ने बताया कि रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में करीब 200 औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जहां लगभग 10 हजार श्रमिक और उनके परिवार निर्भर हैं। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के कारण स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इसके अलावा क्षेत्र के आसपास नई आवासीय कॉलोनियां बसने के बावजूद पिछले दो दशकों में यहां नई पानी की टंकी, स्वच्छ जलाशय (सीडब्ल्यूआर) और पम्प हाउस का निर्माण नहीं हुआ, जिससे कम प्रेशर और अपर्याप्त जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि रीको द्वारा क्षेत्र में सड़क एवं सीवरेज सुधार कार्यों के लिए 17 करोड़ रुपये की स्वीकृति का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। ऐसे में सड़क निर्माण शुरू होने से पहले नई जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाना आवश्यक है, ताकि बाद में नई सड़कों की खुदाई नहीं करनी पड़े।
इस पर विधायक जेठानंद व्यास ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही संबंधित विभाग के मंत्री से मुलाकात कर इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करेंगे।



