बीकानेर की डॉ. मेघना शर्मा को राष्ट्रीय मुंशी प्रेमचंद साहित्य रत्न सम्मान, 9 अगस्त को जयपुर में होंगी सम्मानित

साहित्य

‘प्रारब्ध की दीमक’ कविता के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान, नगद राशि, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र से होगा सम्मान

बीकानेर | बीकानेर की कवयित्री एवं कथाकार डॉ. मेघना शर्मा को साहित्य के क्षेत्र में एक और राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें अभाकाम संस्था, जयपुर द्वारा पांचवें राष्ट्रीय मुंशी प्रेमचंद साहित्य रत्न सम्मान-2026 से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान 9 अगस्त को कृषि विज्ञान केंद्र, दुर्गापुरा (जयपुर) के सभागार में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।

संस्था अध्यक्ष अजीत सक्सेना ने बताया कि डॉ. मेघना शर्मा का चयन कविता लेखन श्रेणी में उनकी चर्चित रचना ‘प्रारब्ध की दीमक’ के लिए किया गया है। संस्था के महामंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना के अनुसार चयन समिति ने उनके साहित्यिक योगदान और उत्कृष्ट काव्य सृजन को देखते हुए यह निर्णय लिया है।

सम्मान समारोह में डॉ. मेघना शर्मा को नगद राशि, स्मृति चिन्ह, शॉल, दुपट्टा एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि डॉ. मेघना शर्मा इससे पूर्व भी हिंदी साहित्य में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए जोधपुर, चंडीगढ़, नई दिल्ली, जयपुर, बीकानेर, सूरतगढ़, रतनगढ़ और फ़ैज़ाबाद सहित विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुकी हैं। यह सम्मान उनकी साहित्य साधना में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।