


सीनियर राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले,
इंटरनेशनल, नेशनल और स्टेट लेवल के तीरंदाजों ने साधे सटीक निशाने, कई रिकॉर्ड बने तो कुछ पुराने भी टूटे
बीकानेर। रेलवे ग्राउंड पर रविवार को नजारा किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी मैदान से कम नहीं था। कारण की पहली बार अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक फ्लड लाइट में तीरदांजी के मुक़ाबले हुए। सामने लक्ष्य, हाथों में धनुष और पूरी एकाग्रता के साथ निशाना साधते तीरंदाज… जैसे ही तीर लक्ष्य के बीचोंबीच जाकर लगा, मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। राजस्थान तीरंदाजी संघ के तत्वावधान में चल रही सीनियर राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन इंटरनेशनल, नेशनल और स्टेट लेवल के तीरंदाजों के बीच कई रोचक मुकाबले हुए। सभी मुकाबले दुधिया रोशनी में हुए।

रविवार होने के कारण मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी रेलवे ग्राउंड पहुंचे। दर्शक हर सटीक निशाने पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। कई मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। प्रतियोगिता के दौरान कई नए रिकॉर्ड बने और कुछ पुराने रिकॉर्ड भी ध्वस्त हुए।
राजस्थान में तीरंदाजी का माहौल मजबूत हुआ : गुर्जर
राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि बीकानेर में आयोजित यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता अपने आप में ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में राजस्थान में तीरंदाजी का वातावरण लगातार मजबूत हुआ है। प्रदेश के तीरंदाज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर राजस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और संघ के निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि राजस्थान ने तीरंदाजी में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उम्मीद से ज्यादा खिलाड़ी पहुंचे, प्रतियोगिता बनी चयन का आधार
आयोजन सचिव एवं भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच अनिल जोशी ने कहा कि प्रतियोगिता में उम्मीद से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। यह इस बात का प्रमाण है कि खिलाड़ी पारदर्शी और बेहतर आयोजन में विश्वास जताते हैं। उन्होंने कहा कि बीकानेर ने राजस्थान में तीरंदाजी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और यहां से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए राजस्थान टीम का चयन किया जाएगा। ऐसे में प्रत्येक खिलाड़ी के लिए यह प्रतियोगिता बेहद महत्वपूर्ण है और खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में जुटे हैं।
मैदान में रोमांच… दर्शकों में उत्साह
दूसरे दिन जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़े, रेलवे ग्राउंड का माहौल और रोमांचक होता गया। लक्ष्य पर नजरें टिकाए तीरंदाजों की एकाग्रता और तीर के लक्ष्य तक पहुंचने के बीच के कुछ पल दर्शकों की धड़कनें बढ़ा रहे थे। सटीक निशाना लगते ही खिलाड़ियों के साथी और दर्शक तालियों से उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए। कई मुकाबलों में अंतिम निशाने तक परिणाम को लेकर रोमांच बना रहा।
इस अवसर पर तीरंदाजी संघ के टेक्निकल ऑफिशियल सोमेश शर्मा, सुनील चौधरी, पैरालंपियन श्याम सुंदर स्वामी, कोच गणेश व्यास, नेशनल उद्घोषक रविन्द्र हर्ष, मनोज व्यास, किशन चौधरी, परमेश्वरी चौधरी, जिला तीरंदाजी संघ के पूर्व सचिव शक्ति रतन रंगा, वर्तमान सचिव शिवरतन रंगा, सुभाष जोशी, भंवर लाल व्यास, मारकंडेय पुरोहित सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।
आज के परिणाम
प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न वर्गों में हुए मुकाबलों के परिणाम इस प्रकार रहे—
राजस्थान सीनियर स्टेट तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026
स्थान: रेलवे ग्राउंड, बीकानेर, राजस्थान
दिनांक: 8-10 अगस्त 2026
1. कंपाउंड वर्ग – पुरुष व्यक्तिगत रैंकिंग
- रजत चौहान – सीकर – 712 अंक
- आर्यन पारीक – हनुमानगढ़ – 707 अंक
- मुकुल शर्मा – सीकर – 705 अंक
2. कंपाउंड वर्ग – महिला व्यक्तिगत रैंकिंग
- प्रिया गुर्जर – धौलपुर – 701 अंक
- शिवानी – सीकर – 688 अंक
- स्वाति दुधवाल – सीकर – 688 अंक
3. रिकर्व वर्ग – पुरुष व्यक्तिगत रैंकिंग
- महेश कुमावत – नागौर – 671 अंक
- यशांश कुमावत – CST स्पोर्ट्स फाउंडेशन – 659 अंक
- कृष्ण कुमार – बाड़मेर – 657 अंक
4. रिकर्व वर्ग – महिला व्यक्तिगत रैंकिंग
- अमनदीप कौर – श्रीगंगानगर – 629 अंक
- हरप्रीत कौर – श्रीगंगानगर – 616 अंक
- कल्पना रेगर – श्रीगंगानगर – 616 अंक
5. टीम इवेंट – मेडल टैली
कंपाउंड पुरुष टीम:
- अलवर – 233 अंक
- DSPESS – 229 अंक
- सीकर – 228 अंक
कंपाउंड महिला टीम:
- सीकर – 228 अंक
–



