पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला ने सीएम भजनलाल शर्मा से की मुलाकात, रेलवे अंडरपास और गोचर भूमि बहाली की उठाई मांग

राजनीति

जयपुर में सौंपा ज्ञापन; मुख्यमंत्री ने दोनों मामलों में त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई का दिया आश्वासन

जयपुर/बीकानेर। बीकानेर के पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने गुरुवार को जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र की दो प्रमुख जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए लंबे समय से लंबित रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण तथा पारंपरिक गोचर भूमि को पुनः बहाल करने की मांग रखी।

डॉ. कल्ला ने बताया कि क्षेत्र में रेलवे फाटक के कारण वर्षों से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में स्थायी समाधान के रूप में अंडरपास का निर्माण कराया जाना आवश्यक है, जिससे यातायात सुगम हो सके और लोगों को राहत मिले।

उन्होंने ज्ञापन में यह भी मांग की कि ‘अराजीराज’ (राजस्व भूमि) घोषित कर दी गई पारंपरिक गोचर भूमि को पुनः गोचर के रूप में बहाल किया जाए, ताकि पशुपालकों और ग्रामीणों के हितों की रक्षा हो सके।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दोनों विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने तथा दोनों मामलों में त्वरित एवं सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। डॉ. कल्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन दोनों महत्वपूर्ण जनसमस्याओं के समाधान से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।