





49 माह से चल रहे गोसेवार्थ महागोप्रसादी संकल्प अभियान, गौमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के लिए एकजुट होने का आह्वान
बीकानेर। गजनेर रोड स्थित श्री गंगा जुबली गौशाला में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बालसंत डॉ. श्री छैल बिहारी महाराज के सानिध्य एवं गोसेवी देवकिशन चांडक (देवश्री) के संयोजन में पिछले 49 महीनों से संचालित गोसेवार्थ महागोप्रसादी संकल्प अभियान के तहत विशेष आयोजन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गोभक्त परिवारों ने गौमाता का पूजन, सेवा और आरती कर पुण्य लाभ अर्जित किया। गौशाला परिसर में दिनभर भक्ति और धर्ममय वातावरण बना रहा।

संतों ने बताए गौसेवा और संस्कारों के महत्व

गोपाष्टमी के अवसर पर बरसाना धाम के पूज्य हनुमान बाबा महाराज ने विधि-विधान से गौमाता का पूजन किया। उन्होंने अपने प्रवचन में कहा कि गौमाता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने के लिए सभी को एकजुट होना पड़ेगा। गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का आधार हैं। उनकी सेवा और संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए।

राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति को जीवित रखने में ऐसे धार्मिक आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। धार्मिक परंपराओं और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए समाज को निरंतर ऐसे आयोजन करते रहना चाहिए। गौसेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बालसंत श्री छैल बिहारी महाराज ने कहा कि बच्चों में संस्कारों का बीजारोपण करने के लिए गौशाला से बड़ा स्थान कोई नहीं हो सकता। यहां बच्चे सेवा, समर्पण, दया और करुणा के भाव सीखते हैं। गौमाता की सेवा से बच्चों में धर्म और संस्कृति के प्रति श्रद्धा विकसित होती है। उन्होंने भक्ति, श्रद्धा और प्रभु के प्रति समर्पण भाव का भी सुंदर वर्णन किया।
49 माह की सेवा को देवश्री नर बताया अमूल्य धरोहर
गोसेवी देवकिशन चांडक (देवश्री) ने कहा कि पिछले 49 महीनों में बच्चों, युवाओं, युवतियों, महिलाओं और बुजुर्गों ने गौमाता की सेवा के लिए जो योगदान दिया है, वह अपने आप में अमूल्य धरोहर है। इस अभियान ने समाज के हर वर्ग को गौसेवा से जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने सभी सहयोगकर्ताओं और गोभक्त परिवारों का आभार जताया।
परिवारों ने गौपूजन कर किया सहयोग
दैनिक गोसेवा प्रसादी श्रृंखला के तहत गोपाष्टमी पर स्वर्गीय भगवती देवी एवं सांवरमलजी सोनी की स्मृति में उनकी पुत्री सरोज देवी, पत्नी शिव (किशनलाल ज्वैलर्स) तथा छगनी देवी, पत्नी स्वर्गीय नंदलालजी खत्री परिवार की ओर से गौशाला में गौपूजन, गोदान एवं गौमहाप्रसादी का आयोजन किया गया। वहीं गणपति देवी, पत्नी स्वर्गीय गुलाबचंदजी के स्वास्थ्य लाभ की मंगलकामना के लिए उनके पुत्र दामोदर आशावा ने सहयोग प्रदान किया। श्रीमती सुशीला देवी एवं जगदीश बीठनोक (हाल फरीदाबाद) ने भी अर्थ सहयोग देकर गौमहाप्रसादी का आयोजन करवाया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम का संचालन रविंद्र हर्ष एवं ज्योतिप्रकाश रंगा ने किया। आयोजन में प्रेमलता चांडक, विनीता डागा, श्यामा जोशी, भंवरी देवी, राधा खत्री, इंदु वर्मा, उर्मिला जोशी, मोनिका गहलोत, मधु शर्मा, पुष्पा सोनी, जेठा देवी, द्वारकाप्रसाद लड्डा, नंदकिशोर चांडक, विजय, भूपेंद्र शर्मा, पृथ्वीसिंह पंवार, संदीप, जगदीश जोशी, बाबूलाल व्यास, रा. सांखला, श्यामसुंदर मोदी, नारायण सोनी, सौरभ सेवग, अमरचंद, श्याम गहलोत, रमेश खत्री, मनीष सांखला, राजेश प्रजापत, अशोक पंवार, नागल, ओम एवं नरेंद्र कटारिया सहित अनेक गोभक्तों ने सेवा व्यवस्था में सहभागिता निभाई।





