सफाई के फेर में शहर की दूसरी समस्याएं भूला नगर निगम, गलियों से लेकर कोटगेट पर भी नजर आया आवारा पशुओं का जमावड़ा

प्रशासन

कोटगेट के मुख्य द्वार पर गोवंश ने रोका रास्ता, यातायात बाधित होने के साथ हादसों का भी खतरा

बीकानेर। नगर निगम का पूरा प्रशासन इन दिनों सफाई व्यवस्था को लेकर ही उलझा हुआ नजर आ रहा है। महापौर से लेकर उपमहापौर और पार्षद तक अपने-अपने वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर सक्रिय हैं, लेकिन शहर की दूसरी गंभीर समस्याओं की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। निगम बोर्ड को सफाई व्यवस्था सुधारने के साथ ही सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा गोवंश की समस्या पर भी ध्यान देना चाहिए।

शहर में अनेक गोपालक गायों का दूध निकालने के बाद उन्हें सड़कों पर खुला छोड़ देते हैं। ये गोवंश अब गलियों और मोहल्लों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मुख्य बाजारों और व्यस्त सड़कों पर भी झुंड के रूप में घूमते दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार को कोटगेट के मुख्य द्वार पर ही आधा दर्जन से अधिक आवारा गोवंश का जमावड़ा नजर आया। इससे न केवल यातायात बाधित हुआ, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना रहा।

शहर में आवारा गोवंश के कारण कई बार वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही है। दूसरी ओर शहर के प्रमुख मार्गों पर आए दिन जाम के हालात बन रहे हैं।

मुख्य बाजारों में अतिक्रमण के हालात

उधर शहर के मुख्य बाजारों को मुख्य मार्ग पर लगातार अतिक्रमण बढ़ते जा रहे हैं दुकानदारों ने अपना सामान सड़कों पर बिछा रखा है दीपावली पर उनका वैवाहिक रूप से छूट प्रदान की गई थी मगर दीपावली बीत चुकी है इसके बावजूद सड़कों पर दुकान दार अपना सामान सज रहे हैं इससे भी यातायात बाधित हो रहा है।

ऐसे में नगर निगम को केवल सफाई व्यवस्था तक अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखनी चाहिए। शहर की यातायात व्यवस्था, आवारा पशुओं की समस्या और अतिक्रमण जैसे मुद्दों पर भी गंभीरता से ध्यान देकर आमजन को राहत दिलाने की जरूरत है।