


शनिवार को जुटेंगे सत्ता-प्रशासन और होटल इंडस्ट्री के दिग्गज
बीकानेर // पर्यटन और होटल उद्योग के लिए शनिवार का दिन अहम रहने वाला है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार शाम 6 बजे कपिल धारा में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य केवल नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण नहीं, बल्कि बीकानेर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाते हुए डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल करना है।
समारोह में केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, विधायक जेठानंद व्यास, सिद्धि कुमारी, डॉ. विश्वनाथ मेघवाल, ताराचंद सारस्वत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई सहित कई जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
प्रशासनिक स्तर पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, आईजी ओमप्रकाश, जिला कलक्टर निशांत जैन, एसपी मृदुल कच्छावा, नगर निगम एवं बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी सहित वरिष्ठ आईएएस-आईपीएस अधिकारी भी समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा होटल, पर्यटन, संस्कृति और आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े उद्यमी, विशेषज्ञ, कलाकार एवं शहर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में हॉस्पिटैलिटी और पर्यटन क्षेत्र के विशेषज्ञ भी अपने अनुभव साझा करेंगे। RBS Retvens के प्रशांत मिश्रा तथा जयपुर की इवेंट कंपनियां Mapsor और Event Corner पर्यटन, होटल व्यवसाय, डेस्टिनेशन वेडिंग और आधुनिक हॉस्पिटैलिटी प्रबंधन से जुड़े नए आयामों पर चर्चा करेंगी।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) के संभाग अध्यक्ष कुशाल पारीक ने बताया कि बीकानेर की ऐतिहासिक धरोहर, संस्कृति, विरासत, रेगिस्तानी पर्यटन और राजस्थानी आतिथ्य को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम है। फेडरेशन का लक्ष्य पर्यटन के माध्यम से स्थानीय रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
फेडरेशन के संरक्षक गोपाल अग्रवाल ने कहा कि होटल उद्योग, पर्यटन विशेषज्ञों, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर बीकानेर को पर्यटन एवं वेडिंग इंडस्ट्री के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों, होटल व्यवसायियों और आमंत्रित अतिथियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।



