



जवाहर पार्क के राम मंदिर में चल रहा है राम जानकी विवाह महोत्सव, उमड़ रहे हैं श्रद्धालु
बीकानेर // बीकानेर शहर इन दोनों एक अनूठी शादी को लेकर चर्चा में है। यह शादी है भगवान श्रीराम व माता जानकी की। विवाह पंचमी के अवसर पर बीकानेर शहर में बीकानेर मानस परिवार व समस्त सनातनी समाज की ओर से यह आयोजन शहर के डूडी पेट्रोल पंप के निकट जवाहर पार्क में स्थित श्री राम मंदिर में विगत दो दिनों से चल रहा है। रविवार को विनायक स्थापना के बाद हाथ धान की रस्म अदा हुई और आज सोमवार को यहां पर विविध आयोजन होंगे।

राम जानकी विवाह समारोह समिति के संयोजक नरेश पुरोहित बबलू ने बताया कि सोमवार को दोपहर 12: 15 मातृका स्थापना होगी। उसके बाद शाम 5:00 बजे मेहंदी लगाई जाएगी और उसके तुरंत बाद लेडिज संगीत का कार्यक्रम होगा। जहां पर विभिन्न ग्रुपों में महिलाएं मांगलिक गीत गाएंगी। पुरोहित ने बताया कि रात 10:00 बजे गणेश परिक्रमा का भी विधिवत आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि राम जानकी विवाह गंगाशहर के राम झरोखा धाम के महंत सरजू दास महाराज के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। जवाहर पार्क के राम मंदिर में प्राचीन वैदिक परंपरा के अनुरूप श्रीराम – जानकी विवाह उत्सव के अंतर्गत हल्दी और कुलदेवी पूजन का भव्य आयोजन अवधपुरी और जनकपुरी में सम्पन्न हुआ। सैकड़ों भक्तों की उपस्थिति में चारों भाइयों राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और चारों बहनों सीता, उर्मिला, मांडवी, श्रुतकीर्ति का हल्दी संस्कार पूरे मनोयोग से किया गया। कार्यक्रम संयोजक नरेश पुरोहित ने बताया कि अवधपुरी में पंडित जुगल किशोर उर्फ पुजारी बाबा के सान्निध्य में पंडितों ने वेद-मंत्रों के साथ गणेश पूजन करवाया। मुख्य संयोजक सरजू दास महाराज, शिव सत्यनाथ महाराज और विमर्शा नंदगिरि महाराज ने भी विधिवत पूजा संपादित करवाई। यजमान के रूप में नरेश पुरोहित सपत्निक, गणेश पवार, राजेंद्र खत्री, शिव सेवग, सत्यप्रकाश पारीक और श्याम पारीक मौजूद रहे। जबकि जनकपुरी में पंडित राजेंद्र करने के सानिध्य में हल्दी संस्कार का आयोजन हुआ।
मंगलवार को निकलेगी बारात, जगह जगह होगा स्वागत
श्रीरामजी व उनके साथ उनके भाइयों की निकलने वाली बारात का रमक झमक के मंच के आगे स्वागत एवं सत्कार किया जाएगा। रमक झमक की टीम द्वारा बारातियों का पुष्प वर्षा से तथा श्रीराम जी के परिवार के प्रमुख वरिष्ठजन, कुल गुरु एवं उनके साथ बारात में संग चलने वाले संत महात्माओं को मोतियों एवं रुद्राक्ष की माला पहनाकर स्वागत अभिनंदन किया जाएगा। रमक झमक के अध्यक्ष प्रहलाद ओझा ‘भैरूं’ एवं उनकी टीम बारातियों का चाय एवं लौंग इलायची से मनुहार एवं सत्कार करेगी। रमक झमक मंच के आगे बुजुर्ग महिला द्वारा बींद राजा श्रीराम, लक्ष्मण,भरत एवं शत्रुघ्न के घोल कर नजर उतारने की रस्म अदा की जाएगी।



