महापौर कल्ला ने बीकानेर की बदहाल सफाई और सड़कों का मुद्दा सीएम के सामने उठाया

आसपास

महापौर बोले- आर्थिक स्थिति कमजोर, शहर में जगह-जगह गंदगी

सीएम भजनलाल बोले- विकास में राजनीतिक भेदभाव नहीं होगा, जनप्रतिनिधियों के सम्मान में कोताही बर्दाश्त नहीं

जयपुर // मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को प्रदेश के नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद किया। बैठक में आगामी त्योहारी सीजन, सफाई व्यवस्था और नगरीय विकास को लेकर उच्चस्तरीय चर्चा हुई। प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के महापौर एवं अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधि ऑनलाइन माध्यम से बैठक से जुड़े। बीकानेर महापौर अनिल कल्ला इस बैठक में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली को देखते हुए सभी निकायों को 10 दिवसीय विशेष कार्ययोजना तैयार कर सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगरीय विकास के लिए आगामी तीन माह की कार्ययोजना बनाकर उसके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी नगरीय निकाय या जनप्रतिनिधि के साथ राजनीतिक आधार पर भेदभाव नहीं करेगी। शहरों के विकास के लिए सभी के साथ समान व्यवहार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के सम्मान में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए। वहीं जनप्रतिनिधियों से ईमानदारी और पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपने शहरों के विकास के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और अधिकारी उनका पूरा सहयोग करेंगे।

कल्ला ने बताई बीकानेर की समस्याएं

बैठक में बीकानेर नगर निगम के महापौर अनिल कल्ला ने बीकानेर की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि नगर निगम की वित्तीय कुप्रबंधन के कारण आर्थिक स्थिति कमजोर है। बीकानेर हेरिटेज सिटी होने के साथ अपनी विशिष्ट भौगोलिक बनावट के कारण प्रदेश में अलग पहचान रखता है।

महापौर कल्ला ने बताया कि सीवरेज कंपनी द्वारा शहर में सीवरेज का काम पूरा करने के बाद शर्तों के अनुरूप सड़कों का निर्माण नहीं किया गया। इससे शहर में जगह-जगह सड़कें खुदी हुई हैं और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आगामी दीपावली को देखते हुए सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। महापौर ने बताया कि नगर निगम ने नए सफाई टेंडर में वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना नई फर्म को कार्यादेश जारी कर दिया। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बावजूद फर्म द्वारा पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके कारण शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित है और जगह-जगह गंदगी का माहौल बना हुआ है।

महापौर अनिल कल्ला ने मुख्यमंत्री से अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने और दीपावली से पहले बीकानेर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने का आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी नगरीय निकायों के आयुक्तों को शहरों की सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनप्रतिनिधियों से अलग-अलग संवाद कर उनके नगर निकायों की स्थिति और समस्याओं की विस्तृत जानकारी भी ली। बैठक में नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा, नगरीय विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न नगर निकायों के आयुक्त मौजूद रहे।