





राजस्थान प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र गंगाशहर में सुबह 8 बजे होगा नि:शुल्क वितरण
बीकानेर। राजस्थान प्राकृतिक चिकित्सा समिति की ओर से शरद पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार, 26 अक्टूबर को औषधियुक्त खीर का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा। संस्था के मंत्री बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि वितरण सुबह 8 बजे से चिकित्सा केंद्र में शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र में पिछले 50 वर्षों से शरद पूर्णिमा पर यह परंपरा निभाई जा रही है। इसके तहत विभिन्न जड़ी-बूटियों से औषधियुक्त खीर तैयार की जाती है। इसे शरद पूर्णिमा की रात खुले आसमान के नीचे चंद्रमा की रोशनी में रखा जाता है। इसके बाद अगले दिन सुबह श्रद्धालुओं और रोगियों को खीर का प्रसाद नि:शुल्क वितरित किया जाता है।
संस्था के उपाध्यक्ष श्रीभगवान अग्रवाल ने बताया कि यह परंपरा विशेष रूप से दमा और श्वांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों के लिए निभाई जाती है। संस्था की ओर से रोगियों के स्वस्थ जीवन की कामना के साथ खीर का वितरण किया जाएगा।
मंत्री बनवारी लाल शर्मा ने आमजन, विशेषकर दमा और श्वांस के रोगियों से औषधियुक्त खीर का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है। खीर का वितरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।



