



मेड़ता सिटी // सिविल लाइन स्थित मेड़ता सिटी प्रेस क्लब कार्यालय में रविवार को जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम मारू के अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब परिवार और शहर के वरिष्ठ पत्रकारों ने मारू का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया।
अभिनंदन के दौरान पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। जार प्रदेश अध्यक्ष श्याम मारू ने कहा कि राजस्थान में पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग को जल्द ही मजबूती के साथ सरकार के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही प्रदेश भर के पत्रकारों के लिए भूखंड आवंटन, अधिस्वीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने और पत्रकारों के हितों से जुड़े अन्य मुद्दों को भी प्राथमिकता के साथ उठाने की बात कही। श्याम मारू ने नागौर जिले का पहला प्रेस क्लब कार्यालय मेड़ता सिटी में स्थापित होने पर मेड़ता के पत्रकारों को बधाई दी और इसे पत्रकारिता क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदूश्री मंत्री ने प्रेस क्लब के कार्यकाल में की गई प्रमुख उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष सुशील दिवाकर, कोषाध्यक्ष महेंद्र टेलर, वरिष्ठ पत्रकार पुखराज टॉक व वीरेंद्र वर्मा, रामकिशोर तिवाड़ी, लक्ष्मीनारायण वैष्णव, जितेंद्र शर्मा, सीपी पुजारी, अरविंद गोलियां सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।



