राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकेश दाधीच ने किया विप्र फाउंडेशन को प्राप्त अधिकृत भूमि का अवलोकन

समाज

बीकानेर // विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकेश दाधीच के बीकानेर प्रवास के दौरान राजस्थान सरकार द्वारा सामाजिक सरोकारों के लिए विप्र फाउंडेशन को आवंटित अधिकृत भूमि का अवलोकन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकेश दाधीच ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री दीपक पारीक एवं भवन आवंटन समिति के सदस्य शिवजी सारस्वत प्रदेश अध्यक्ष धनसुख सारस्वत, प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. दीपक हर्ष के साथ प्रस्तावित निर्माण कार्यों, भूमि विकास की कार्ययोजना तथा जयपुर स्थित श्री परशुराम ज्ञानपीठ की तर्ज पर बीकानेर में शिक्षा एवं संस्कार केंद्र की स्थापना से संबंधित भावी योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि प्रस्तावित ज्ञानपीठ को केवल एक भवन के रूप में नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, भारतीय संस्कृति, वैदिक अध्ययन, व्यक्तित्व विकास, करियर मार्गदर्शन, शोध, पुस्तकालय, महिला एवं युवा सशक्तिकरण तथा सामाजिक चेतना के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह ज्ञानपीठ भावी पीढ़ी में भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ समाज के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन, जोन 1-बी के प्रदेश संगठन महामंत्री डॉ. दीपक हर्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्री धनसुख सारस्वत एवं प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ श्रीमती चंद्रकला आचार्य की अनुशंसा पर श्रीमती मोनिका गौड़, बीकानेर को विप्र फाउंडेशन महिला प्रकोष्ठ का प्रदेश संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है। तत्पश्चात राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मुकेश दाधीच के कर-कमलों से श्रीमती मोनिका गौड़ को प्रदेश संगठन महामंत्री, महिला प्रकोष्ठ का नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया।

डॉ. दीपक हर्ष ने बताया कि श्रीमती मोनिका गौड़ वर्तमान में एक समर्पित शिक्षिका एवं जानी-मानी साहित्यकार हैं। शिक्षा, साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं संगठनात्मक कार्यकुशलता से महिला प्रकोष्ठ को नई ऊर्जा प्राप्त होगी तथा महिलाओं की शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा एवं गति मिलेगी। उनके नेतृत्व में महिला प्रकोष्ठ संगठन की विचारधारा एवं सेवा कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के साथ-साथ महिलाओं की सक्रिय सहभागिता भी और अधिक सुदृढ़ होगी।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ श्रीमती चंद्रकला आचार्य, जिला संगठन महामंत्री अमित व्यास तथा युवा प्रकोष्ठ से पंकज पीपलवा, युवराज व्यास सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।