राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अध्यक्ष पहुंचे मेडिसिन विंग

स्वास्थ्य

527 बैड का यह मेडिसिन विंग बीकानेर के चिकित्सा जगत के लिए नया कीर्तिमान होगा: डॉ. अभिजीत चंद्रकांत सेठ

बीकानेर // श्रीमती सी एम मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट् द्वारा मानव सेवा के हित में किये गये कार्यों की जितनी सराहना की जाए कम है। किसी व्यक्ति का अपनी जन्मभूमि से इतना लगाव देखकर मन अभिभूत हो गया और आश्चर्य भी हुआ कि कोई अपनी कमाई का इतना बड़ा हिस्सा जन हितार्थ दान में दे सकता है।

मूंधड़ा ट्रस्ट् द्वारा तकरीबन 100 करोड़ से भी ज्यादा की लागत से बनाई गई मेडिसिन विंग से ट्रस्ट् का नाम अमर हो जाएगा और बीकानेर के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। यह शब्द श्रीमती सी एम मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा बनाए जा रहे मेडिसिन विंग के अवलोकन पर राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अध्यक्ष व अध्यक्ष राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड डॉ. अभिजीत चंद्रकांत सेठ ने कहे। डॉ. सेठ ने बताया कि मूंधड़ा ट्रस्ट ने जनता के हित में इस मेडिसिन विंग में जो सुविधाएं प्रदान की है उससे दान की भावना की सभी हदें पार कर दी है। जहां एक और मनुष्य अपने घर परिवार तथा स्वयं के हित में उलझा रहता है ऐसे समय में भामाशाह कन्हैयालाल मूंधड़ा एवं उनके परिजनों ने समाज के प्रति इतना बड़ा दान देकर चिकित्सा के क्षेत्र के इतिहास में अपना नाम अमर कर दिया है।

मूंधड़ा ट्रस्ट के प्रतिनिधि द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि हमारे आदर्श ट्रस्ट के ट्रस्ट्रीयों जिनमें कन्हैयालाल मूंधड़ा, देवकिशन मूंधड़ा, श्रीकिशन मूंधड़ा, द्वारकाप्रसाद मूंधड़ा एवं संतोष मूंधड़ा की यही सोच है कि हमने जो धन उपार्जित किया है वो समाज का है और हमारी यह भावना है कि समाज से कमाया हुआ हम वापस समाज को लौटाएं। ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य शिक्षा एवं चिकित्सा जैसे महत्त्वपूर्ण प्रकल्पों पर समाज से उपार्जित धन को समाज के लिए खर्च करना है और हमारा यह पूर्ण प्रयास भी रहेगा कि यह अस्पताल सुरक्षा एवं साफ़ सफाई की दृष्टि से भी पूरे राज्य में अपनी एक अलग पहचान बनाए । मेडिसिन विंग का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा इसके राज्य सरकार को समर्पित करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है।

इस अवसर पर सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ सुरेंद्र वर्मा, पीबीएम अधीक्षक डॉ बी सी घीया, डॉ. वीर बहादुर सिंह, डॉ. संजय कोचर, डॉ. विजय टूड्वाल, मंजूर अली, विनोद जोशी आदि उपस्थित हुए ।