


भामाशाहों के सहयोग से शुरू हुआ निर्माण, प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा व अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी ने किया भूमि पूजन
बीकानेर। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल में मरीजों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अस्पताल परिसर में नए दवा वितरण केंद्र (डीडीसी) के निर्माण कार्य का सोमवार को विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। यह केंद्र सरस वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष मनोज सारस्वत की प्रेरणा से भामाशाह दिलीप सारस्वत एवं इम्मीलाल सारस्वत के सहयोग से बनाया जाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा और सुपर स्पेशयलिटी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान अस्पताल प्रशासन और सोसायटी से जुड़े लोगों ने निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का संकल्प लिया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार नए दवा वितरण केंद्र के शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों को दवाएं लेने में अधिक सुविधा मिलेगी। वर्तमान व्यवस्था में होने वाली भीड़ और लंबी कतारों से राहत मिलेगी, जिससे दवा वितरण प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुगम हो सकेगी। अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में नया केंद्र उनकी सुविधा और समय की बचत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



