



बीकानेर में सामाजिक उत्तरदायित्व पर मंथन: 40 संस्थाओं ने साझा किए बदलाव के मॉडल
संस्थाओं के जरिए आमजन तक लाभ पहुंचाने की रणनीतियों पर 2 घंटे तक गहन चर्चा
शिक्षा, नशामुक्ति, पर्यावरण और जल संरक्षण जैसे मुद्दों पर वक्ताओं ने रखे ठोस सुझाव
बीकानेर में मंगलवार को होटल सागर में कट्स इंटरनेशनल की ओर से सामाजिक उत्तरदायित्व को लेकर एक महत्वपूर्ण विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। करीब दो घंटे तक चले इस आयोजन में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर इस बात पर गहन चर्चा की कि संस्थाओं के माध्यम से आमजन को अधिकतम लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है और सामाजिक स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों का प्रभावी समाधान कैसे निकाला जाए।

कार्यक्रम में नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के संयोजक एवं वरिष्ठ उद्घोषक रविंद्र हर्ष ने शिक्षा, खेलकूद, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और पिछड़े वर्गों के उत्थान के क्षेत्र में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से राजस्थान में जमीनी स्तर पर कार्यों के प्रभाव और उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए जल के महत्व और उसके दुरुपयोग को रोकने के लाभों पर भी बिंदुवार चर्चा की। मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रविंद्र हर्ष ने कहा कि भामाशाह सरकार और सामाजिक साइंस है संयुक्त रूप से मिलकर यदि प्रयास करें तो परोपकारी समाज विकसित किया जा सकता है तथा गरीब को गणेश मानकर उसकी सेवा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से समाज में बदलाव संभव है। इस दौरान हर्ष ने नंदलाल जोशी चेरीटेबल फाउंडेशन की ओर से बीकानेर शहर में विगत कुछ सालों से किये जा रहे परोपकारी कार्यों की भी विस्तार से जानकारी दी।
इससे पहले कट्स इंटरनेशनल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमरदीप सिंह ने अपने प्रेजेंटेशन में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में संस्थाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संगठित प्रयासों के जरिए किस तरह सामाजिक चुनौतियों को दूर किया जा सकता है और लोगों के जीवन में ठोस सुधार लाया जा सकता है।
इसके अलावा, रोटरी क्लब आद्या की कोषाध्यक्ष एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट मोनिका पचीसिया, अजीत फाउंडेशन के संजय श्रीमाली, सरस फाउंडेशन की पिंकी शर्मा और उरमूल ट्रस्ट के रमेश सारण ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विषयों की अहमियत को रेखांकित किया।
इस आयोजन में लगभग 40 संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में कट्स इंटरनेशनल की श्रेणी ज्ञानी ने सभी का आभार व्यक्त किया।



