शुक्रवार से सिने मैजिक में प्रदर्शित होगी राजस्थानी फिल्म ‘टाईगर ऑफ राजस्थान’

साहित्य

सच्ची घटना पर आधारित फिल्म में शिक्षा का महत्व और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संदेश

बीकानेर // राजस्थानी फिल्मों के जाने-माने लेखक, निर्देशक और अभिनेता अरविंद कुमार बाघेला की थ्री ब्रदर्स फिल्म्स प्रजेंट्स के बैनर तले बनी नई राजस्थानी फिल्म ‘टाईगर ऑफ राजस्थान’ 13 मार्च से बीकानेर के सिने मैजिक सिनेमा हॉल में प्रदर्शित होगी। राजस्थान की एक सच्ची घटना पर आधारित यह फिल्म सामाजिक संदेश के साथ अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने की प्रेरणा देती है।

होटल वृंदावन में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में फिल्म के मुख्य कलाकार अरविंद बाघेला और संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने फिल्म का ट्रेलर जारी किया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि राजस्थानी भाषा में बनने वाली फिल्मों से हमारी लोक संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म राजस्थान के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में भी राजस्थानी संस्कृति का प्रचार-प्रसार करेगी और पूरी फिल्म यूनिट को शुभकामनाएं दीं।

फिल्म के मुख्य किरदार को न्याय देने के लिए अभिनेता अरविंद बाघेला ने स्वयं चुनौती के रूप में यह भूमिका निभाई है। अरविंद बाघेला मूल रूप से ब्यावर के निवासी हैं और राजस्थानी फिल्मों के लोकप्रिय कलाकारों में गिने जाते हैं। फिल्म में बॉलीवुड के कई प्रसिद्ध कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। प्यार, इमोशन, ड्रामा और एक्शन के साथ दमदार गीत-संगीत से सजी यह फिल्म प्रदेश के साथ-साथ राज्य के बाहर भी लोकप्रियता हासिल कर रही है। बीकानेर के दर्शकों की मांग को देखते हुए सिने मैजिक सिनेमा हॉल में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक इसका शो संचालित किया जाएगा।

बॉलीवुड कलाकारों से सजी है फिल्म

फिल्म में ‘नच बलिए’ फेम अरविंद बाघेला के साथ उपासना सिंह, रंजीत राजू श्रेष्ठा, देबोलिना भट्टाचार्जी, दीप्ति नागपाल, भूपेश रसिन, अरविंदर सिंह, दीपेंद्र सिंह, हर्षित माथुर, हेमा चंदानी, भावना शर्मा, शिवराज गुर्जर, मुमताज खान, राजवीर, समीर खान और असलम खान नजर आएंगे।

फिल्म का संगीत दिलीप सेन, आदित्य गौर और निषेध सोनी ने दिया है। गीत छोटू सिंह रावणा, यशपाल तंवर, रफीक राजस्थानी और साबिर खान ने लिखे हैं, जबकि स्वर पूर्निमा श्रेष्ठा, छोटू सिंह रावणा, सौरिन भट्ट, मोहम्मद सलामत, सना अजीज, रेखा राव, सुनीता सगोतिया और रवि जैन ने दिए हैं।

फिल्म के निर्माता हितेश कुमार, जैस्मिन कुमार, प्रवीण सगोतिया और सुनीता सगोतिया हैं, जबकि दिनेश असीवाल और राज राठौड़ सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं।

फिल्म यूनिट से जुड़े प्रमुख सदस्य

एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के रूप में सलीम गौर, अनिल सिंह राठौड़, चंद्रकांत वर्मा, ध्रुव निनामा और मनीष अग्रवाल जुड़े हैं। कैमरामैन हितेश बेलदार, एडिटर प्रकाश झा, एक्शन निर्देशक बुट्टा सिंह और कोरियोग्राफर सरोज खान व राजू शबाना हैं। फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर अमर कुमार सोलंकी तथा एसोसिएट डायरेक्टर अशोक बाफना और जैस्मिन कुमार हैं।

सरोज खान का अंतिम नृत्य निर्देशन

फिल्म के निर्देशक और अभिनेता अरविंद कुमार बाघेला के अनुसार, ‘टाईगर ऑफ राजस्थान’ मशहूर बॉलीवुड कोरियोग्राफर सरोज खान के नृत्य निर्देशन की अंतिम फिल्मों में से एक है। इसमें उन्होंने राजस्थानी लोकनृत्य घूमर को नए अंदाज में प्रस्तुत किया है, जो विशेष रूप से महिलाओं को आकर्षित करेगा।

यह है फिल्म की कहानी

‘टाईगर ऑफ राजस्थान’ एक ईमानदार शिक्षक की कहानी है, जिसे परिस्थितियां इस कदर मजबूर कर देती हैं कि वह अपराध की दुनिया में कदम रखने को विवश हो जाता है। हालांकि उसके दिल में इंसानियत और न्याय की भावना कायम रहती है। यही कारण है कि वह गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करते हुए एक रॉबिनहुड की तरह लोगों का सहारा बन जाता है और लोग उसे प्यार से ‘टाईगर ऑफ राजस्थान’ कहने लगते हैं।