




5 से 9 सितंबर तक अहमदाबाद में होगी वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज, दोनों पदाधिकारी निभाएंगे अहम जिम्मेदारी
जयपुर। राजस्थान के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश के दो प्रमुख तीरंदाजी पदाधिकारी सुरेंद्र सिंह गुर्जर और अनिल जोशी को वर्ष 2026 की प्रतिष्ठित Hyundai World Archery Para Series की Local Organising Committee (LOC) का सदस्य बनाया गया है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 5 से 9 सितंबर तक अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित होगी। प्रतियोगिता की मेजबानी भारत को वर्ल्ड आर्चरी एशिया के माध्यम से मिली है, जबकि आयोजन में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ गुजरात और गुजरात सरकार का सहयोग रहेगा।
सुरेंद्र सिंह गुर्जर, जो आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव एवं राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव हैं, तथा अनिल जोशी, जो राजस्थान तीरंदाजी संघ की चयन समिति के अध्यक्ष हैं, आयोजन समिति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे। दोनों पदाधिकारी 2 से 9 सितंबर तक आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
दोनों खेल प्रशासकों की इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन समिति में नियुक्ति को राजस्थान के तीरंदाजी जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे प्रदेश के खेल प्रबंधन कौशल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी साख को नई पहचान मिलेगी। भारतीय तीरंदाजी संघ के महासचिव वीरेंद्र सचदेवा ने दोनों को भेजे पत्र में उनके अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग को प्रतियोगिता की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया है।
यह प्रतियोगिता दुनिया भर के पैरा तीरंदाजों को एक मंच पर लाएगी और भारत में पैरा आर्चरी के विकास, प्रचार-प्रसार तथा अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की क्षमता को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।



