


‘शूरवीर’ गाने को गैंगवार के दृश्य में दिखाने पर जताया रोष, सेंसर बोर्ड से दृश्य तत्काल हटाने की मांग
बीकानेर // महाराणा प्रताप की वीरता, राष्ट्रप्रेम, त्याग, हल्दीघाटी युद्ध और चेतक की वीरता का बखान करने वाले चर्चित गीत ‘शूरवीर’ को मिर्जापुर मूवी में गैंगस्टर की गैंगवार वाले दृश्य के साथ दिखाए जाने पर बीकानेर की प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी ने आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से संबंधित दृश्य को तत्काल हटाने की मांग की है।
राजश्री कुमारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के महानतम शूरवीरों में से एक थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मातृभूमि, स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। वे मुगल शासक के सामने कभी नहीं झुके। ऐसे महान राष्ट्रभक्त की वीरगाथा से जुड़े गीत को गैंगस्टर और गैंगवार के दृश्य के साथ प्रदर्शित करना भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
पत्र में कहा गया है कि ‘शूरवीर’ गीत को देशभर में सराहना मिली थी और इसमें महाराणा प्रताप के राष्ट्रप्रेम एवं वीरता का वर्णन किया गया है। इसे फिल्म के गैंगवार वाले दृश्य के साथ दिखाए जाने से विशेष रूप से एक समुदाय में रोष व्याप्त है।
उन्होंने सेंसर बोर्ड से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए गीत के इस तरह के प्रदर्शन वाले दृश्य को हटाने की मांग की। पत्र में यह भी कहा गया कि इससे पहले भी कई बॉलीवुड फिल्मों में लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले दृश्यों को लेकर विरोध प्रदर्शन हुए हैं। इसके बावजूद फिल्मों में इस प्रकार के दृश्य सामने आना फिल्म प्रमाणन बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
पत्र के माध्यम से उम्मीद जताई गई कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मिर्जापुर मूवी में गीत के कथित गलत प्रदर्शन वाले दृश्य को हटाने की कार्रवाई करेगा। यह आपत्ति राजश्री कुमारी के निजी सचिव गोविन्दसिंह की ओर से दर्ज कराई गई है।



