


बीडीए व मोदी डेयरी के एमओयू के तहत विकसित हुआ आकर्षण केंद्र, नेत्रहीन व स्कूली विद्यार्थियों ने ली पहली नि:शुल्क सवारी
बीकानेर। शहर के पब्लिक पार्क स्थित लोटस टॉय ट्रेन पार्क में मंगलवार को टॉय ट्रेन और लोटस पार्लर का विधिवत शुभारंभ किया गया। अतिथियों ने फीता काटकर दोनों सुविधाओं का उद्घाटन किया। शुभारंभ के अवसर पर राजकीय नेत्रहीन छात्रावासित उच्च माध्यमिक विद्यालय के नेत्रहीन विद्यार्थियों तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सादुलगंज के विद्यार्थियों ने टॉय ट्रेन की नि:शुल्क सवारी कर नई सुविधा का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं आगंतुकों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।

उद्घाटन के बाद पार्क में पहुंचे बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने टॉय ट्रेन की सवारी का भरपूर आनंद लिया, जबकि अभिभावकों ने भी इस नई पहल की सराहना की। पार्क परिसर में दिनभर अच्छी-खासी भीड़ रही और नई सुविधा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
यह परियोजना बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) और मोदी डेयरी के बीच हुए एमओयू के तहत विकसित की गई है। माना जा रहा है कि टॉय ट्रेन पार्क आने वाले समय में शहर के प्रमुख मनोरंजन स्थलों में शामिल होगा। वहीं, लोटस पार्लर शुरू होने से पार्क में आने वाले लोगों को खान-पान की बेहतर सुविधा भी उपलब्ध होगी।
लोटस डेयरी के निदेशक अविनाश मोदी ने बताया कि टॉय ट्रेन बच्चों के मनोरंजन और सुविधा को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। ट्रेन में बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी सफर का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में पार्क में खान-पान सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि पब्लिक पार्क में मनोरंजन की नई सुविधाएं जुड़ने से शहरवासियों और पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिलेगा। इस अवसर पर हनुमाना प्रसाद चम्पा देवी ग्रुप, मोदी डेयरी, लोटस डेयरी, मैसर्स अमर प्रताप डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड तथा एचपी मोदी स्कूल के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन अतिथियों और उपस्थित लोगों के आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।



