


लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी पूरी; पुजारी परिवार ने किया बाबा हनुमान के स्वर्णाकर्षण फोटो फ्रेम का लोकार्पण
बीकानेर। संभाग मुख्यालय से करीब 56 किलोमीटर दूर स्थित विश्व प्रसिद्ध पूनरासर धाम में बाबा हनुमान के भादवा मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 17, 18 और 19 सितंबर को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेले में बीकानेर सहित राजस्थान और देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालु बाबा हनुमान के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना करेंगे।
पूनरासर धाम के पुजारी विमल कुमार बोथरा, धनराज बोथरा, कमल कुमार बोथरा, संपतमल बोथरा, राजकुमार बोथरा, रंजीत कुमार बोथरा, धर्मचंद बोथरा और लक्ष्मीपत बोथरा ने संयुक्त रूप से मेले की तैयारियों की जानकारी देते हुए बाबा हनुमान के स्वर्णाकर्षण फोटो फ्रेम का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि यह विशेष फोटो फ्रेम भादवा मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगा।
पुजारी परिवार ने बताया कि बोथरा परिवार ओसवाल समाज की परंपरा से जुड़ा है और वर्षों से मंदिर की पूजा-अर्चना एवं व्यवस्थाओं का दायित्व निभा रहा है। इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। धाम में ठहरने, भोजन-प्रसाद, पेयजल, स्नान और अन्य आवश्यक सुविधाओं के साथ पैदल यात्रियों के लिए मालिश (मसाज) की विशेष व्यवस्था भी की जाएगी।
मेले को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए पुजारी परिवार, मंदिर ट्रस्ट, प्रशासन तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाएं समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
पुजारी परिवार ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में बाबा के दरबार में पहुंचकर दर्शन-पूजन का लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी भक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बाबा हनुमान से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने और उन पर सदैव कृपा बनाए रखने की कामना की।



