महापौर के लिए कल्ला, डागा व शेखावत ने भरा नामांकन

राजनीति

अंतिम दिन कांग्रेस से दो और भाजपा से एक नामांकन

बीकानेर // नगर निगम महापौर पद के लिए नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस की ओर से पार्षद अनिल कल्ला और नवरत्न डागा ने नामांकन भरा, जबकि भाजपा की ओर से वार्ड 13 से नवनिर्वाचित पार्षद डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने अपना नामांकन पेश किया।

नामांकन के अंतिम दिन सुबह से ही नगर निगम परिसर में राजनीतिक गहमागहमी बनी रही। सबसे पहले कांग्रेस पार्षद नवरत्न डागा ने महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। डागा के नामांकन के साथ ही शहर के राजनीतिक गलियारों में महापौर चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला अपने समर्थकों के साथ नगर निगम पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. बीडी कल्ला, नोखा विधायक सुशीला डूडी और देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा से डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने भरा नामांकन

भाजपा के अधिकृत महापौर प्रत्याशी एवं वार्ड 13 से नवनिर्वाचित पार्षद डॉ. सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने भी अंतिम दिन नगर निगम पहुंचकर महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई, गोपाल गहलोत और सत्यप्रकाश आचार्य सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

तीन नामांकन दाखिल होने के साथ ही अब महापौर चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों के बीच पार्षदों के समर्थन को लेकर संपर्क और रणनीति का दौर शुरू हो गया है।