



बीकानेर // सादुल राजस्थानी रिसर्च इंस्टीट्यूट, बीकानेर के तत्वावधान में शिक्षाविद एवं शोध अधिकारी मदन मोहन व्यास ‘एसपी’ के असामयिक निधन पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राजकीय संग्रहालय परिसर स्थित सादुल राजस्थानी रिसर्च इंस्टीट्यूट सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार, कवि-कथाकार राजेन्द्र जोशी ने की। मुख्य अतिथि वरिष्ठ व्यंग्यकार एवं साहित्यकार बुलाकी शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि साहित्यकार राजाराम स्वर्णकार रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों एवं प्रबुद्धजनों ने स्वर्गीय मदन मोहन व्यास ‘एसपी’ के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पुरातत्व विभाग के संग्रहालयाध्यक्ष राकेश शर्मा, पुस्तकालयाध्यक्ष विमल शर्मा एवं परामर्शक नम्रता चौधरी ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में राजेन्द्र जोशी ने कहा कि मदन मोहन व्यास ‘एसपी’ का निधन साहित्य, शिक्षा और शोध के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने कार्य और शोधपरक दृष्टि से जो पहचान बनाई, वह लंबे समय तक स्मरण की जाती रहेगी।
मुख्य अतिथि बुलाकी शर्मा ने कहा कि व्यास का व्यक्तित्व सहज, अध्ययनशील और कर्मठ था तथा वे अपने कार्य के प्रति सदैव गंभीर रहे। उनके असामयिक निधन से साहित्य एवं शोध जगत ने एक संवेदनशील और प्रतिबद्ध व्यक्तित्व खो दिया है।
विशिष्ट अतिथि राजाराम स्वर्णकार ने कहा कि मदन मोहन व्यास का साहित्य और शोध के प्रति समर्पण उल्लेखनीय था। उनके कार्यों और आत्मीय व्यवहार को साहित्यिक जगत लंबे समय तक याद रखेगा।
संग्रहालयाध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि व्यास का अध्ययन और शोध के प्रति समर्पण प्रेरणादायी था। उनके साथ जुड़ी स्मृतियां सहकर्मियों और मित्रों के बीच सदैव जीवित रहेंगी।
पुस्तकालयाध्यक्ष विमल शर्मा ने कहा कि मदन मोहन व्यास ने ज्ञान और शोध को अपनी कर्मभूमि बनाया तथा निरंतर अध्ययन की परंपरा को आगे बढ़ाया। उनका जाना साहित्य एवं अकादमिक जगत के लिए बड़ी क्षति है।
परामर्शक नम्रता चौधरी ने कहा कि व्यास का व्यक्तित्व विनम्रता, संवेदनशीलता और शोध-दृष्टि का सुंदर समन्वय था। उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता की भरपाई कठिन है।
कार्यक्रम में अजय सहारण,हरीश ढाका,मनीष ढाका ने भी विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।



