


जैन कॉलेज में यादों संग हरियाली का संकल्प
बीकानेर। श्री जैन पी.जी. महाविद्यालय के 72वें स्थापना वर्ष और 1992-95 बैच के 31 वर्ष पूर्ण होने पर शनिवार को “आओ फिर से कॉलेज चलें” अभियान के तहत पूर्व छात्र मिलन, गुरु सम्मान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। महाविद्यालय परिसर में नीम के पौधे लगाए गए, जिन्हें पूर्व छात्रों और सहयोगकर्ताओं ने गोद लेकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

समारोह का सबसे भावुक पल तब आया, जब पूर्व प्राचार्य प्रो. सुमेर चंद जैन ने वर्षों पुराने अंदाज में एक-एक पूर्व छात्र का नाम पुकारकर सांकेतिक हाजिरी ली। गुरु के मुख से अपना नाम सुनते ही पूर्व छात्र भावुक हो उठे और कॉलेज जीवन की यादें ताजा हो गईं। प्रो. जैन ने शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रेरक उद्बोधन भी दिया।
इस दौरान प्रो. जैन का माल्यार्पण, शॉल, पगड़ी और सम्मान पत्र देकर अभिनंदन किया गया। वहीं जैन कॉलेज बैचमेट्स 1992-95 ने श्री जैन पाठशाला सभा और महाविद्यालय का भी सम्मान किया। कार्यक्रम में शिक्षकों, वर्तमान विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के बीच संगीतमय अंताक्षरी, सेल्फी प्वाइंट और स्मृति चित्र आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम का संचालन राधिका नाहटा ने किया। आयोजन में सीए विनोद कुमार पारख, मानक चंद कोचर, संजय जैन (सांड), विनोद बाफना, विजय बाफना, किशोर कुमार बांठिया सहित बड़ी संख्या में पूर्व छात्र, शिक्षक और गणमान्यजन मौजूद रहे। समन्वय में मुकेश पुरोहित, विजय बोथरा, राजेश बोथरा, डॉ. राजेंद्र चौधरी और कुणाल कोचर का विशेष सहयोग रहा।
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन “₹1 प्रतिदिन सेवा योजना परिवार” और “नक्षत्र पब्लिक ट्रस्ट” के सेवा अभियानों की श्रृंखला का हिस्सा है, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।



