डूंगर कॉलेज में राजस्थान फिनिशिंग स्कूल केआईसीटी लैब का हुआ शुभारंभ

शिक्षा

चार रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम होंगे संचालित

कोर्स करने बाद 70 प्रतिशत को रोज़गार की रहेगी गारंटी

बीकानेर। राजकीय डूंगर महाविद्यालय में राजस्थान सरकार एवं भारत सरकार की संयुक्त पहल राजस्थान फिनिशिंग स्कूल के अंतर्गत आईसीटी लैब का उद्घाटन एवं कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार क्षमता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चार रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए गए। इन पाठ्यक्रमों का संचालन मोज़ैक कंपनी के बैनर तले किया जा रहा है। ये सभी कोर्स राज्य सर्कार्कस मान्यता प्राप्त और न्यूनतम राशि में करवाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानंद व्यास ने महाविद्यालय की आईसीटी लैब को सुदृढ़ बनाने के लिए कंप्यूटर क्रय हेतु 5 लाख रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा को उद्योगों की आवश्यकताओं से जोड़ना समय की मांग है और फिनिशिंग स्कूल जैसी पहल विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. आर. के. पुरोहित ने की। उन्होंने कहा कि यह योजना विद्यार्थियों को व्यावहारिक कौशल, तकनीकी दक्षता और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है।

मोज़ैक कंपनी के प्रतिनिधि संजय गौड़ ने कार्यक्रम में फिनिशिंग स्कूल की अवधारणा तथा संचालित किए जाने वाले चारों पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

प्रारंभ में सरस्वती की छवि पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन करते हुए अतिथियों का पारंपरिक राजस्थानी रीति से शॉल, साफा एवं तिलकार्चन के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह ने कौशल आधारित उच्च शिक्षा और उद्योग जगत के बीच सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का संदेश दिया। इसके अतिरिक्त विधायक जेठानंद व्यास ने रेडियेशन बायोलॉजी सोसाइटी,जिसके राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर आर के पुरोहित हैं ,की वेबसाइट का भी लोकार्पण कर सोसाइटी की गतिविधियों का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम का
संचालन हिंदी विभाग के संकाय सदस्य डॉ. रमेश पुरी ने किया।