



बीकानेर // बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने की दिशा में राज्यश्री कुमारी ऑफ बीकानेर रिलिजियस एण्ड चैरिटेबल ट्रस्ट ने सराहनीय पहल करते हुए 11 मेधावी स्कूली छात्राओं को 10-10 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की। ट्रस्ट की ओर से कुल 1 लाख 10 हजार रुपए की राशि वितरित की गई। चयनित छात्राओं ने वर्ष 2025-26 में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
ट्रस्ट की स्थापना मार्च 1972 में प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी द्वारा की गई थी। स्थापना के बाद से ही ट्रस्ट शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभावान छात्राओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाता आ रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और आर्थिक सहयोग के माध्यम से उनके भविष्य को मजबूत बनाना है।
ट्रस्ट की अध्यक्षा प्रिंसेस राज्यश्री कुमारी ने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की भावना को आगे बढ़ाते हुए केवल छात्राओं को ही छात्रवृत्ति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अधिक से अधिक जरूरतमंद और प्रतिभाशाली छात्राओं को इस योजना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि कोई भी बेटी आर्थिक अभाव में अपनी पढ़ाई न छोड़े।
छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाली छात्राओं और उनके अभिभावकों ने ट्रस्ट का आभार जताते हुए कहा कि यह सहायता उनके शैक्षणिक विकास और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



