राजस्थान के श्याम सुंदर स्वामी का पैरा एशियन गेम्स 2026 हेतु भारतीय टीम में चयन

आसपास

लगातार तीसरी बार करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

बीकानेर // जापान के Aichi एवं Nagoya में 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले Asian Para Games 2026 के लिए भारतीय पैरा तीरंदाजी टीम के चयन ट्रायल में राजस्थान के प्रतिभाशाली तीरंदाज श्याम सुंदर स्वामी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त कर भारतीय टीम में अपना स्थान पक्का किया है। यह चयन ट्रायल Archery Association of India द्वारा हरियाणा के Sonipat में आयोजित की जा रही है।

Rajasthan Archery Association के महासचिव Surendra Singh Gurjar ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिवसीय चयन ट्रायल में देशभर के श्रेष्ठ पैरा तीरंदाजों ने भाग लिया, जिसमें राजस्थान के श्याम सुंदर स्वामी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और आगामी पैरा एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह सुनिश्चित की। उन्होंने बताया कि श्याम सुंदर लगातार तीसरी बार एशियन स्तर की प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो राजस्थान सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर Rajasthan Archery Association के अध्यक्ष Deependra Singh ने कहा कि राजस्थान के तीरंदाज लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीरंदाजी खेल का स्तर निरंतर ऊंचाइयों को छू रहा है और खिलाड़ी अपने अनुशासन, मेहनत एवं समर्पण से नई पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने श्याम सुंदर स्वामी के प्रशिक्षक Anil Joshi को भी विशेष बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पैरा एशियन गेम्स में श्याम सुंदर स्वामी भारतीय टीम के लिए पदक जीतकर देश और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।

राजस्थान तीरंदाजी संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने श्याम सुंदर स्वामी के चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।