पुष्करणा दिवस पर पांच दिन गूंजेगी समाज की संस्कृति, प्रतिभाओं का होगा सम्मान

समाज

22 से 26 अगस्त तक पुष्करणा स्टेडियम में मेले, प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन व विचार गोष्ठियां; 26 अगस्त को मां उष्टवाहिनी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन और महाआरती

बीकानेर। पुष्करणा समाज के उत्पत्ति दिवस पुष्करणा दिवस के अवसर पर श्री पुष्करणा प्रन्यास एवं आयोजन समिति की ओर से 22 से 26 अगस्त तक पांच दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शनिवार को इन कार्यक्रमों के पोस्टर का विमोचन पंडित जुगल किशोर ओझा के सानिध्य में जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुनील हर्ष, गोकुल जोशी और सीए महेंद्र चूरा ने किया।

आयोजन से जुड़े अनिल आचार्य ने बताया कि कार्यक्रमों की शुरुआत 22 अगस्त को दोपहर 1 बजे पुष्करणा मेले से होगी। पुष्करणा स्टेडियम में आयोजित मेले में समाज की महिलाओं द्वारा निर्मित व्यावसायिक वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए करीब 50 स्टॉल लगाए जाएंगे। स्टॉल के लिए 12 अगस्त तक बुकिंग की जा रही है। शाम को पारंपरिक गीतों का आयोजन होगा, जिसमें महिलाएं विभिन्न संस्कारों से जुड़े मांगलिक गीत प्रस्तुत करेंगी। इस दौरान पिछले 40 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाली समाज की शैक्षणिक संस्थाओं के संचालकों का सम्मान भी किया जाएगा।

रंगोली से हास्य कवि सम्मेलन तक आयोजन

23 अगस्त को दोपहर में कन्याओं एवं महिलाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता होगी। प्रतिभागी विभिन्न मोहल्लों में रंगोली सजाएंगी और श्रेष्ठ रंगोली को पुरस्कृत किया जाएगा। शाम को हास्य कवि सम्मेलन होगा।
24 अगस्त को मेहंदी-मांडणा प्रतियोगिता के साथ वरिष्ठ साहित्यकारों एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में 25 वर्ष पूर्ण कर चुके पत्रकारों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद समाज की दशा और दिशा विषय पर विचार संगोष्ठी होगी।
25 अगस्त को महिलाओं के लिए पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता आयोजित होगी। शाम को पुष्करणा स्टेडियम में दीपदान, 65 वर्ष से अधिक आयु के अधिवक्ताओं का सम्मान एवं विचार संगोष्ठी होगी।
26 अगस्त को मां उष्टवाहिनी की पूजा
पुष्करणा दिवस के मुख्य अवसर पर 26 अगस्त को सुबह मुरलीधर रोड स्थित मां उष्टवाहिनी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना एवं महाआरती होगी। दोपहर में ‘आया सावन झूम के’ पारंपरिक नृत्य कार्यक्रम, वेद पाठ और शाम को भजन संध्या आयोजित की जाएगी। देर शाम सामूहिक प्रसाद का आयोजन होगा, जिसमें समाज के लोग शामिल होंगे।

कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभिन्न आयोजन समितियों का गठन किया गया है। इनमें राजस्थान पुष्टिकर विंग, पुष्करणा महिला मंडल सहित विभिन्न जातियों के ट्रस्ट, संस्थाओं एवं समितियों के पदाधिकारी शामिल हैं। पोस्टर विमोचन के अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।