


भारतीय सेना में कैरियर अवसरों पर जागरूकता एवं मार्गदर्शन सत्र आयोजित
बीकानेर // राजकीय डूँगर महाविद्यालय, बीकानेर में भारतीय सेना में उपलब्ध विभिन्न कैरियर एवं प्रवेश अवसरों के संबंध में जागरूकता एवं मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कर्नल अंकुर कुमार, निदेशक, आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस, झुंझुनू रहे जो वर्तमान में राजस्थान के पाँच जिलों—झुंझुनू, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर एवं बीकानेर में भारतीय सेना की भर्ती संबंधी गतिविधियों का दायित्व संभाल रहे हैं।
एनसीसी कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट देवेश सहारण ने बताया कि कर्नल कुमार ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना में अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी, अन्य रैंक एवं अग्निवीर के रूप में उपलब्ध कैरियर अवसरों तथा विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
उन्होंने सामान्य ड्यूटी, पैदल सेना, इंजीनियरिंग, तकनीकी, शिक्षा, चिकित्सा, विधि, धार्मिक शिक्षक, स्नातक प्रवेश एवं महिला सैन्य पुलिस सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। उनके अनुसार भारतीय सेना युवाओं को सम्मानजनक, अनुशासित एवं गौरवपूर्ण कैरियर के साथ राष्ट्रसेवा का अवसर प्रदान करती है।
इससे पूर्व महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राजेन्द्र कुमार पुरोहित ने मुख्य वक्ता का औपचारिक स्वागत किया। प्राचार्य ने विद्यार्थियों से भारतीय सेना में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी प्राप्त कर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने तथा कठिन परिश्रम एवं अनुशासन के साथ उसकी तैयारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में अन्डर ऑफिसर माहिका वर्मा ने मुख्य वक्ता, प्राचार्य, महाविद्यालय स्टाफ एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



