बीकानेर नगर निगम की पहली बैठक में हंगामा, हर वार्ड में लगेंगी 100 नई लाइटें

प्रशासन

1000 की जगह 3000 अस्थायी सफाईकर्मी लगाने की मांग; गंगाशहर में फिर खुलेगा क्षेत्रीय कार्यालय

बीकानेर // नगर निगम के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली साधारण सभा की बैठक हंगामों के बीच महापौर अनिल कल्ला की अध्यक्षता में निगम हॉल में हुई। बैठक में सफाई व्यवस्था, सीवरेज से क्षतिग्रस्त सड़कों, नालियों और शहर की सजावट सहित कई मुद्दों पर चर्चा के बाद महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। प्रत्येक वार्ड में 100 नई रोड लाइटें लगाने और गंगाशहर में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय फिर से खोलने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों ने चिंता जताई। बताया गया कि पूर्व प्रशासक के कार्यकाल में सफाई का टेंडर जारी किया गया था। संबंधित फर्म को 2 अक्टूबर से काम शुरू करने के साथ ट्रैक्टर, टिप्पर और ई-रिक्शा उपलब्ध कराने थे। आवश्यकता के अनुसार जेसीबी और डंपर की व्यवस्था भी करनी थी, लेकिन संसाधन उपलब्ध नहीं कराने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस पर फर्म को नोटिस जारी करने, जुर्माना लगाने और किराए पर संसाधन जुटाकर सफाई व्यवस्था सुचारू करने के लिए पाबंद करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

सफाईकर्मियों की संख्या 3000 करने का निर्णय

बैठक में अस्थायी रूप से 1000 सफाईकर्मियों के नियोजन का प्रस्ताव पहले ही राज्य सरकार को भेजे जाने की जानकारी दी गई। शहर के क्षेत्रफल और आबादी को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाकर 3000 करने का निर्णय लिया गया। वहीं, प्रत्येक वार्ड में 100 नई रोड लाइटें लगाने और आवश्यक सामान उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित हुआ। पार्षदों की अनुशंसा पर चिह्नित स्थानों पर लाइटें लगाई जाएंगी।

सीवरेज कंपनी से सड़कें दुरुस्त कराने के निर्देश

सीवरेज कार्य के दौरान जगह-जगह खोदे गए गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों का मुद्दा भी उठा। कंपनी को गड्ढे भरने और सड़कों का पुनर्निर्माण करने के लिए पाबंद किया जाएगा। दीपावली को देखते हुए एआरसी बजट से मुख्य सड़कों पर पेचवर्क कराने का भी निर्णय लिया गया।

दीपावली पर सजेंगे मुख्य मार्ग और शहर के गेट

दीपावली के मद्देनजर शहर के प्रमुख मार्गों, विभिन्न गेटों और बारियों पर नगर निगम की ओर से सजावट करवाई जाएगी। अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए छोटे दमकल वाहन किराए पर लेने तथा भविष्य में शहर की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप छोटे दमकल वाहन खरीदने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।

गंगाशहर में फिर खुलेगा क्षेत्रीय कार्यालय

पार्षद दिलीप बांठिया ने गंगाशहर में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय फिर से शुरू करने का प्रस्ताव रखा। इस पर निर्णय लेते हुए गंगाशहर क्षेत्र में दोबारा क्षेत्रीय कार्यालय खोलने पर सहमति बनी। बैठक की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। महापौर अनिल कल्ला ने पार्षदों से दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर शहर के विकास, स्वच्छता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए सकारात्मक सुझाव देने का आह्वान किया।