



मंगलवार को नीम व मिश्री खिलाकर देंगे अधिवक्ताओं को नववर्ष की शुभकामनाएं
बीकानेर // भारतीय नव वर्ष के उपलक्ष में हर वर्ष की भांति इस बार भी अधिवक्ता परिषद की बीकानेर इकाई ने न्यायालय परिसर को आकर्षक रंगोली से सजाया है। सोमवार को देर रात तक अधिवक्ता परिषद की बीकानेर इकाई के महामंत्री एडवोकेट राधेश्याम सेवग के नेतृत्व में न्यायालय परिसर में आकर्षक रंगोली सजाते नजर आए। इस दौरान पुराने बार रूम के आगे तथा न्यायालय के नए भवन में तरह तरह की रंगोली बनाई गई। साथ ही इस टीम ने पूरे कोर्ट परिसर में नव वर्ष के बैनर व झंडिया भी लगाकर सजाया है।

अधिवक्ता परिषद के महामंत्री एडवोकेट राधेश्याम सेवग ने बताया कि उनका संगठन लंबे समय से अधिवक्ताओं के लिए नव वर्ष का आयोजन करता है। इसी कडी में रंगोलियां बनाई है। अब मंगलवार को जब न्यायालय खुलेगा तो सबसे पहले अधिवक्ता परिषद बीकानेर इकाई के सदस्यों का समूह बनाकर समस्त अधिवक्ताओं, कर्मचारियों व न्यायिक अधिकारियों के ललाट पर कुमकुम का तिलक लगाया जाएगा। तदोपरांत उन्हें नीम व मिश्री का प्रसाद वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की जाएगी। सोमवार देर रात तक न्यायालय परिसर में बैनर व झंडिया व रंगोली बनाने में एडवोकेट मुकेश आचार्य, एडवोकेट हरीश भट्ड एडवोकेट भगवान सिंह राजपुरोहित, एडवोकेट अभिमन्यु सिंह शेखावत व एडवोकेट योगेंद्र सिंह राठौड़ इत्यादि लगे हुए थे।



