



नागौर // राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा 12 अप्रैल को आयोजित होने वाली जेल प्रहरी सीधी भर्ती परीक्षा की व्यवस्थाओं के संबंध में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू परीक्षा के आयोजन को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं परीक्षा से संबंधित विभाग अपनी पूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ परीक्षा संपन्न करवाएं।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफल आयोजन के दृष्टिगत बोर्ड द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी, बॉयोमीट्रिक्स, फ्रिस्किंग एवं मेटल डिटेक्टर आदि सेवाएं प्रदान की जा रही है। बोर्ड के अन्य नवाचारों के बारे में भी अवगत करवाया।
बैठक में उन्होंने परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापित करने एवं फर्जी अभ्यर्थियों की पहचान करने हेतु हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर, बॉयोमीट्रिक तथा फेस रिकग्निशन व अन्य आधुनिकतम उन्नत तकनीकों का उपयोग निर्देशानुसार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक 100 परीक्षार्थियों पर एक बायोमेट्रिक मशीन लगी रहेगी, जिससे उनका सत्यापन किया जाएगा। वहीं किसी तकनीकी कारण से सत्यापन नहीं होने पर अभ्यर्थी को तीन से चार बार सघन चेकिंग करके प्रवेश देना सुनिश्चित करें, लेकिन ध्यान रखें कि किसी भी स्थिति में डमी/ फर्जी अभ्यर्थी परीक्षा में ना बैठे। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएं, परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए कड़ी चौकसी बरती जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता एवं नियमानुसार प्रक्रिया की वीडियोग्राफी को लेकर निर्देश दिए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को पेपर और ओएमआर शीट की सुरक्षा एवं गोपनीयता, कानून व्यवस्था, प्रश्न पत्रों के सुरक्षित परिवहन, परीक्षार्थियों की सुविधाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों, स्ट्रॉन्ग रूम एवं संग्रहण केंद्रों पर तैनात पुलिस बल के बारे में चर्चा की।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी उपस्थित अधिकारियों और संबंधितों से गर्मी के मौसम के मद्देनजर उचित व्यवस्थाएं बनाएं रखने के निर्देश दिए।



