



शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने नागौर से जारी किया 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम, बेटियां रही टॉपर
नागौर // राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर द्वारा कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। इस बार बोर्ड ने विज्ञान, कॉमर्स और कला तीनों संकायों का परिणाम एक साथ जारी किया। साथ ही वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का परिणाम भी घोषित किया गया। परिणामों की घोषणा नागौर से वर्चुअल माध्यम से शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने की, जबकि बोर्ड कार्यालय अजमेर में बोर्ड प्रशासक एवं संभागीय आयुक्त महेश चंद्र शर्मा उपस्थित रहे।

विज्ञान वर्ग का परिणाम 98.43%
विज्ञान संकाय में कुल 2,73,915 छात्र पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 2,72,138 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 2,67,864 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए, जिससे इस संकाय का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 98.43% रहा। छात्रों का परिणाम 98.07% और छात्राओं का परिणाम 99.02% दर्ज किया गया। इस वर्ग में प्रीती ने सर्वाधिक 99.80% अंक प्राप्त कर टॉप किया।
कॉमर्स संकाय का परिणाम सर्वाधिक 99.07%
कॉमर्स वर्ग में इस बार रिकॉर्ड 99.07% परिणाम दर्ज किया गया। इस संकाय में कुल 28,248 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 28,010 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से 27,750 छात्र उत्तीर्ण घोषित किए गए। छात्रों का परिणाम 99.27% और छात्राओं का परिणाम 98.97% रहा। इस वर्ग में कंगना हौसलानी ने 99.20% अंक प्राप्त किए, जबकि अनुप्रिया, प्रगति, प्रियंका और उर्मिला ने 99.60% अंकों के साथ शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
कला वर्ग में भी बेहतर प्रदर्शन, 97.78% परिणाम
राज्य में सबसे अधिक परीक्षार्थी कला संकाय में पंजीकृत थे। कुल 5,87,444 छात्रों में से 5,78,164 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 5,65,346 छात्र सफल घोषित किए गए, जिससे उत्तीर्ण प्रतिशत 97.78% रहा। छात्रों का प्रतिशत 97.09% और छात्राओं का 98.42% रहा। इस संकाय मे अनुप्रिया, प्रगति, प्रियंका और उर्मिला ने 99.60% अंक प्राप्त किये।
वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का परिणाम 97.76%
बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का परिणाम 97.76% रहा। इसमें कुल 3907 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। जिसमें से 3847 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इसमें छात्रो का उतीर्णता प्रतिशत 96.73 तथा छात्राओं का 98.68 प्रतिशत रहा। इस परिणाम में सोनू पुत्री गजराज सिंह ने 99.80% अंक हासिल कर टॉप किया।
शिक्षा मंत्री ने टॉपर्स को फोन पर दी बधाई
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से आयोजित 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम जारी करने के बाद शिक्षा मंत्री दिलावर ने चारों संकायों में टॉप रहे विद्यार्थियों का नाम लेकर अंक बताए तथा इसके बाद उनसे फोन पर बात कर बधाई भी दी।
प्रदेश में 12वीं कला वर्ग में अनुप्रिया राठौड़ पुत्री बृजराज सिंह राठौड़, प्रगति अग्रवाल पुत्री शिवकुमार, प्रियंका पुत्री रामचंद्र एवं उर्मिला पुत्री पोकरराम ने सबसे अधिक 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसी प्रकार वाणिज्य वर्ग में कंगना पुत्री गौरव ने 99 प्रतिशत, विज्ञान वर्ग में प्रीति पुत्री राजेश कुमार ने 99.80 प्रतिशत तथा वरिष्ठ उपाध्याय में सोनू पुत्री गजराज सिंह ने 99.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
शिक्षा मंत्री दिलावर ने कहा कि बेटियां आगे बढ़े, यह खुशी की बात है। 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में बच्चियों ने ही बाजी मारी है, कोशिश यह है कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का परिणाम यूं ही प्रगति पर रहे। इस दौरान उन्होंने अच्छे अंक लाने वाली छात्रों को फोन पर बात कर शुभकामनाएं भी दी।
इस दौरान उन्होंने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परिणाम घोषित करवाने में सहयोग करने वाले सभी कार्मिकों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान से यही मंगलकामना है कि उत्तीर्ण विद्यार्थी आगे भी प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे अंक लाएं। इस दौरान उन्होंने कहा कि परीक्षा को लेकर खंडवार प्रभावी मॉनिटरिंग की गई तथा पेपर लीक ना हो,इसको लेकर पूर्ण सावधानी बरतते हुए पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं संपन्न करवाई गई।
इस अवसर पर मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरु, खींवसर विधायक रेंवतराम डांगा, जिला प्रमुख भागीरथराम चौधरी, जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर, जिला परिषद सीईओ रविंद्र कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।



